LOADING...
अमेरिका की खेती बर्बाद करने की साजिश, खतरनाक जैविक फंगस की तस्करी में चीनी नागरिक गिरफ्तार
अमेरिका ने चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया

अमेरिका की खेती बर्बाद करने की साजिश, खतरनाक जैविक फंगस की तस्करी में चीनी नागरिक गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Jun 04, 2025
10:54 am

क्या है खबर?

अमेरिका की संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने एक चीनी महिला को गिरफ्तार किया है, जिस पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर खतरनाक जैविक फंगस की तस्करी करने का आरोप है। महिला की पहचान 33 वर्षीय युनकिंग जियान के रूप में हुई है, जबकि उसका प्रेमी 34 वर्षीय जुनयोंग लियू है। आरोप है कि जियान ने अमेरिका में फ्यूजेरियम ग्रैमिनियरम नामक फंगस की तस्करी की, जिसे वैज्ञानिकों ने एक संभावित कृषि-आतंकवाद हथियार के रूप में बताया है।

जांच

कैसे हुआ खुलासा?

जियान अमेरिका के मिशिगन विश्वविद्यालय में शोधार्थी है, जबकि लियू चीनी विश्वविद्यालय में कार्यरत है और पर शोध करता है। जुलाई 2024 में लियू डेट्रॉयट हवाई अड्डे पर जहरीला फंगस लेकर आया था, जहां उसकी तलाशी ली गई। उसके बैग से लाल पौधे बरामद हुए। तब उसने फ्यूजेरियम ग्रैमिनियरम की बात स्वीकारी और बताया कि वह मिशिगन विश्वविद्यालय में शोध के लिए यह पौधे जियान को देना चाहता है। इसके बाद उसे हवाई अड्डे से चीन भेज दिया गया।

जांच

क्या है ये खतरनाक जैविक फंगस?

FBI के अधिकारियों ने बताया कि फ्यूजेरियम ग्रैमिनियरम की जांच की गई तो पता चला कि यह हानिकारक कवक 'हेड ब्लाइट' नामक बीमारी का कारण बनता है। यह गेंहू, जौ, मक्का और चावल की बीमारी है। इससे हर साल दुनिया में अरबों डॉलर का नुकसान होता है। फ्यूजेरियम ग्रैमिनियरम के जहर से मनुष्यों और पशुओं में उल्टी, यकृत की क्षति और प्रजनन संबंधी दोष होते हैं। वैज्ञानिक साहित्य इसे एक संभावित कृषि-आतंकवाद हथियार के रूप में बताता है।

संबंध

चीनी कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़ा होने का आरोप

FBI के मुताबिक, जियान को चीन में इस रोगाणु पर अपने काम के लिए चीनी सरकार से धन प्राप्त हुआ है। आरोप यह भी है कि जियान के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) में उसकी सदस्यता और उसके प्रति वफादारी के बारे में भी जानकारी है। जियान को माल की तस्करी, झूठे बयान और वीजा धोखाधड़ी के आरोपों में जेल भेज दिया गया है। अमेरिकी अटॉर्नी जेरोम गोर्गन जूनियर ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताया है।

बयान

FBI निदेशक काश पटेल का आया बयान

FBI निदेशक काश पटेल ने घटना को लेकर एक्स पर लिखा, 'दोनों चीनी नागरिकों पर साजिश रचने, माल तस्करी करने, झूठे बयान देने और वीज़ा धोखाधड़ी का आरोप है। यह मामला एक गंभीर अनुस्मारक है कि CCP अमेरिकी संस्थानों में घुसपैठ करने और हमारे खाद्य आपूर्ति को लक्षित करने, अमेरिकी जीवन और हमारी अर्थव्यवस्था को गंभीर जोखिम में डालने के लिए गुर्गों और शोधकर्ताओं को तैनात करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है, जिसके गंभीर परिणाम होंगे।'