GST संग्रह जनवरी में 6.2 फीसदी बढ़कर हुआ 1.93 लाख करोड़ रुपये
क्या है खबर?
जनवरी में सकल वस्तु एवं सेवा कर (GST) संग्रह 6.2 फीसदी बढ़कर 1.93 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जो 2 महीनों में सबसे अधिक है। संग्रह में पिछले माह की तुलना में 10.79 फीसदी और वार्षिक आधार पर 6.2 फीसदी (उपकर को छोड़कर) का इजाफा हुआ है। जनवरी में शुद्ध GST राजस्व में 7.6 फीसदी की वृद्धि हुई और यह लगभग 1.71 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि रिफंड 3.1 फीसदी गिरकर 22,665 करोड़ रुपये रह गया।
असर
कटौती से पड़ा असर
जनवरी में तंबाकू उत्पादों पर उपकर संग्रह 5,768 करोड़ रुपये रहा। इसकी तुलना में पिछले वर्ष इसी महीने में 13,009 करोड़ रुपये वसूला गया था, जब कारों और तंबाकू उत्पादों पर उपकर लगाया गया था। 22 सितंबर, 2025 से 375 वस्तुओं पर GST की दरें कम कर दी गईं, जिससे राजस्व संग्रह प्रभावित हुआ है। पिछले महीने घरेलू लेनदेन से कर संग्रह 4.8 फीसदी बढ़कर 1.41 लाख करोड़ रुपये और आयात राजस्व 10.1 फीसदी बढ़कर 52,253 करोड़ रुपये हो गया।
सर्वाधिक
अक्टूबर में जबरदस्त हुई थी वृद्धि
सितंबर में GST दरों में कटौती का असर इसके बाद नजर आया। अक्टूबर में संग्रह 1.95 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा था, लेकिन इसमें 7,812 करोड़ रुपये का उपकर शामिल था। अगर, उपकर की राशि हटा दी जाए तो यह अप्रैल, 2025 के बाद से सबसे अधिक संग्रह रहा था, जो 8 महीनों का उच्चतम स्तर है। पिछले साल अप्रैल में उपकर के बिना कारोबार 2.23 लाख करोड़ रुपये और उपकर सहित कारोबार 2.36 लाख करोड़ रुपये रहा।