नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पर आरोप लगाए, कहा- ढेरो सबूत हैं
क्या है खबर?
पंजाब में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व मंत्री डॉक्टर नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग को निशाने पर लिया है। उन्होंने एक्स पर उनका जिक्र करते हुए उन्हें अब तक के सबसे भयानक, नाकाबिल और भ्रष्ट अध्यक्ष बताया है। उन्होंने लिखा कि वारिंग का राजनीतिक करिअर खत्म करने के लिए उनके पास कई सबूत हैं, लेकिन उनको इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है।
बयान
नवजोत ने क्या लिखा?
नवजोत कौर ने एक्स पर लिखा, 'राजा वारिंग, अब तक के सबसे भयानक, नाकाबिल, भ्रष्ट अध्यक्ष। तुमने कांग्रेस को खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री के साथ मिलकर खुद को जेल जाने से बचाया। तुमने आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ मिलकर छोटे-मोटे फायदे के लिए पार्टी को बेच दिया। तुमने मेरे लिए सस्पेंशन लेटर तैयार रखा था, लेकिन उन 12 वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का क्या जो नवजोत को नुकसान पहुंचाने के लिए मजीठिया के साथ काम करने में व्यस्त थे?'
आरोप
मेरे पास तुम्हे खत्म करने के बड़े सबूत- नवजोत
उन्होंने आगे लिखा, 'तुमने नवजोत को हराने के लिए उनको बड़े पद दिए। मेरे पास तुम्हें खत्म करने के काफी सबूत हैं, लेकिन मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं, क्योंकि मैंने कांग्रेस छोड़ दी है, जहां किसी होनहार नेता की बात नहीं सुनी जाती। तुमने मुझे हराने के लिए मेरी सीट पर लोगों को बिठाया। तुम्हें और तुम्हारी पार्टी को खुलेआम चुनौती देने वाले आशु, चन्नी, भट्टल जी, डॉ गांधी जी और कई वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ तुम्हारा एक्शन कहां है?'
आरोप
पार्टी को खत्म करने में व्यस्त हैं वारिंग- नवजोत
नवजोत ने आगे लिखा, 'तुम बस एक मज़ाक बनकर रह गए हो और लोग तुम्हारी रील्स का मज़ा ले रहे हैं। उन कांग्रेस नेताओं का अपमान करना बंद करो जो नवजोत से प्यार करते हैं। तुम पार्टी को जिताने के बजाय उसे खत्म करने में ज़्यादा व्यस्त हो। अपनी ही पार्टी के प्रति ईमानदार न होने पर तुम्हें शर्म आनी चाहिए, जो तुम्हारी मातृ पार्टी है। तुमने काफी नुकसान कर दिया है।' पोस्ट में भाजपा, कांग्रेस और AAP टैग हैं।
निलंबन
दिसंबर में निलंबित हुई थीं नवजोत
दिसंबर में कांग्रेस हाईकमान ने नवजोत कौर सिद्धू को पार्टी के खिलाफ बड़ा आऱोप लगाने के बाद निलंबित कर दिया था। दरअसल, नवजोत कौर ने खुलासा किया था कि उनके पास मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने के लिए देने के लिए 500 करोड़ रुपये नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसी ने उनसे पैसे की मांग नहीं की थी, लेकिन जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वह मुख्यमंत्री बन जाता है।