Page Loader
जापान में आए जोरदार भूकंप में दो लोगों की मौत, 90 घायल
जापान में भूकंप के जोरदार झटके

जापान में आए जोरदार भूकंप में दो लोगों की मौत, 90 घायल

Mar 17, 2022
02:09 pm

क्या है खबर?

बुधवार रात जापान में आए जोरदार भूकंप के कारण दो लोगों की मौत हो गई है। रिक्टर स्केल पर भूकंप के झटकों के तीव्रता 7.3 मापी गई। ये झटके उसी जगह आए थे, जहां 11 साल पहले आए भूकंप के कारण फुकुशिमा परमाणु संयंत्र पर खतरा उत्पन्न हुआ था। देश के उतर-पूर्वी इलाकों में इसका ज्यादा असर देखने को मिला और यहां रहने वाले दो करोड़ से अधिक लोग बिजली जाने के कारण अंधेरे में डूब गए।

भूकंप

जमीन से 57 किलोमीटर नीचे था केंद्र

अधिकारियों ने बताया कि टोक्यो समेत कई शहरों में जोरदार झटके महसूस किए गए और लोग इमारतें छोड़कर खुले स्थानों पर जाने को मजबूर हो गए। स्थानीय समयानुसार रात को 11:36 मिनट पर ये झटके महसूस किए। भूकंप का केंद्र जमीन से 57 किलोमीटर नीचे थे। फुकुशिमा, मियागी और यामागता आदि इलाकों में बाद में भी हल्के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने दो लोगों के मरने और 90 के घायल होने की पुष्टि की है।

जापान

पटरी से उतरी बुलेट ट्रेन

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मियागी और फुकुशिमा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं घायल हुए अधिकतर लोगों को गिरने या उनके ऊपर सामान गिरने से चोटें आई हैं। फुकुशिमा शहर से उत्तर की तरफ एक बुलेट ट्रेन भी पटरी से उतर गई। राहत की बात यह रही कि इसमें किसी तरह के जानमाल की हानि नहीं हुई है। सरकार का कहना है कि वह भूकंप के कारण हुए नुकसान का आकलन कर रही है।

राहत

वापस ले ली गई है सुनामी की चेतावनी

भूकंप के बाद जापान के मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी तट पर सुनामी आने की चेतावनी जारी की थी। हालांकि, अब इसे वापस ले लिया गया है। स्थानीय बिजली कंपनियों का कहना है कि भूकंप आने के बाद आठ लाख से अधिक घरों की आपूर्ति बंद हो गई थी, लेकिन अब खराबियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है और अधिकतर घरों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

जापान में भूकंप

लोगों को आई 2011 की याद

इशिनोमाकी इलाके में एक सरकारी अधिकारी ने समाचार एजेंसी AFP से बात करते हुए कहा कि जोरदार झटके महसूस होने पर उनकी नींद टूटी। उन्होंने कहा, "मैंने महसूस किया कि धरती हिल रही है। मुझे डर लगने की बजाय पूर्व जापान में आया जोरदार भूकंप आ गया।" उनका इशारा 2011 में आए भूकंप की तरफ था, जिसमें 18,000 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा था।

भूकंप

परमाणु संयंत्र हो गया था नष्ट

2011 के भूकंप के बाद आई सुनामी में फुकुशिमा परमाणु संयंत्र नष्ट हो गया था और यहां से निकली रेडिएशन के चलते भारी खतरा मंडरा रहा था। इसके बाद यहां से हजारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा। हालांकि, कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात आए भूकंप के बाद से संयंत्र में किसी तरह का रिसाव या असामान्य घटना दर्ज नहीं की गई है।