ट्रंप बोले- ईरान पर ऐसा हमला करेंगे, जो पहले कभी नहीं देखा गया
क्या है खबर?
युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने जवाबी हमला किया तो उस पर ऐसा हमला किया जाएगा, जो आज से पहले कभी देखा नहीं गया है। ट्रंप की ये चेतावनी ऐसे वक्त आई है, जब सुप्रीम लीडर आयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने बदला लेने की कसम खाई है और इजरायल-अमेरिका पर सबसे घातक हमला करने की बात कही है।
बयान
ट्रंप बोले- बेहतर होगा ईरान हमला न करे
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'ईरान ने अभी कहा है कि वे आज बहुत जोरदार हमला करेंगे, इतना जोरदार जितना उन्होंने पहले कभी नहीं किया है। लेकिन, बेहतर होगा कि वे ऐसा न करें, क्योंकि अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम उन पर ऐसा जोरदार हमला करेंगे, जो पहले कभी नहीं देखा गया है! इस मामले पर ध्यान देने के लिए आपका धन्यवाद! राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।'
ईरान
ईरान ने दी थी चेतावनी
IRGC ने कहा था, "अमेरिका और जायोनी शासन की दुष्ट सरकारों का यह आपराधिक और आतंकवादी कृत्य धार्मिक, नैतिक, कानूनी और प्रथागत सिद्धांतों का स्पष्ट उल्लंघन है। उम्माह के इमाम के हत्यारों को कड़ी, निर्णायक और खेदजनक सजा देने के लिए ईरानी राष्ट्र का प्रतिशोध का हाथ उनका गला नहीं छोड़ेगा। हम अपने नेता के मार्ग पर मजबूती से चलते हुए इस महान नेता की अनमोल विरासत की रक्षा करेंगे और मातृभूमि पर आक्रमण करने वालों को करारा सबक सिखाएंगे।"