Page Loader
इजरायल में नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन, बंधकों की रिहाई को लेकर सड़कों पर उतरे लाखों लोग
नेतन्याहू के खिलाफ लाखों लोग इजरायल की सड़कों पर उतर गए हैं

इजरायल में नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन, बंधकों की रिहाई को लेकर सड़कों पर उतरे लाखों लोग

लेखन आबिद खान
Apr 07, 2024
03:21 pm

क्या है खबर?

इजरायल-हमास युद्ध को आज 6 महीने पूरे हो गए हैं। अभी भी करीब 130 बंधक हमास के कब्जे में हैं। इनकी रिहाई को लेकर ठोस कदम न उठाने जाने के चलते लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। अब लाखों लोगों ने इजरायल के अलग-अलग शहरों में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन किए हैं। इनकी मांग है कि सरकार बंधकों की रिहाई को लेकर जल्द समझौता करे, जिससे उनकी सुरक्षित वापसी संभव हो सके।

नारेबाजी

प्रदर्शनकारियों ने की सरकार विरोधी नारेबाजी

प्रदर्शनकारियों ने तेल अवीव के अलावा करीब 50 और शहरों में प्रदर्शन किए। इस दौरान हाथों में सरकार विरोधी नारे लिखे तख्ती लिए लोगों ने देश में शीघ्र चुनावों की मांग की। तेल अवीव में कुछ जगहों पर आगजनी की भी घटनाएं सामने आईं, जिन पर फौरन काबू पा लिया गया। यहां एक कार प्रदर्शनकारियों पर चढ़ गई, जिसमें 5 लोग घायल हो गए। कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की खबरें भी हैं।

मांग

क्या है प्रदर्शनकारियों की मांग?

प्रदर्शनकारी नेतन्याहू से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि 6 महीने हो गए, लेकिन नेतन्याहू अब तक बंधकों की सुरक्षित वापसी संभव नहीं करा सके हैं। इसके अलावा प्रदर्शनकारी देश में जल्द चुनावों की मांग भी कर रहे हैं। बता दें कि युद्ध के चलते इजरायल में चुनाव टाल दिए गए हैं। विपक्ष का आरोप है कि अनुमानों में नेतन्याहू की पार्टी की हार की संभावना है, इसलिए वे जानबूझकर चुनाव नहीं करवा रहे हैं।

बंधक

एक और बंधक का शव बरामद हुआ

हाल ही में इजरायल की सेना ने हमास द्वारा बंधक बनाए गए एलाद काटजिर का शव बरामद किया है। 47 वर्षीय काटजिर को उनकी मां के साथ हमास ने 7 अक्टूबर के हमले में बंधक बना लिया था। हालांकि, बाद कैदियों की रिहाई के बदले काटजिर की मां की रिहाई हो गई थी। जनवरी में जारी एक वीडियो में काटजिर जीवित दिखाई दिए थे। अब उनकी मौत के बाद लोगों का गुस्सा और भड़क गया है।

युद्धविराम

युद्धविराम पर फिर शुरू हुई चर्चा 

इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम को लेकर मिस्र की राजधानी काहिरा में वार्ता शुरू हुई है। इसकी मध्यस्थता कतर, मिस्र और अमेरिका कर रहे हैं। हमास गाजा पट्टी में स्थायी युद्धविराम, इजरायली सेना की वापसी, विस्थापितों की वापसी और बंधकों के बदले फिलिस्तीनी कैदियों की अदला-बदली की मांग कर रहा है। इजरायल इनमें से कई मांगों पर सहमत नहीं है, जिसके चलते वार्ता आगे नहीं बढ़ पा रही है।

मौतें

अब तक 33,000 से ज्यादा मौतें 

इजरायली हमलों में गाजा में 33,137 लोगों की मौत हो गई है, इनमें से 13,800 से ज्यादा बच्चे और महिलाएं हैं। 7 अक्टूबर के बाद से गाजा में हर रोज 170 लोगों की मौत हो रही है। हमलों में गाजा में रहने वाले हर 100 से 4 लोग घायल हुए हैं। करीब 19 लाख लोग आतंरिक रूप से विस्थापित हुए हैं और 22 लाख राहत शिविरों में रह रहे हैं। इजरायल अब राफा पर हमले की योजना बना रहा है।