यूरोपीय संघ ने एलन मस्क के X पर लगाया भारी जुर्माना, अमेरिका ने चुनौती दी
अमेरिका ने यूरोपीय संघ (EU) द्वारा अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लगाए गए जुर्माने को चुनौती दी है।
EU ने एक्स पर डिजिटल सर्विसेज एक्ट (DSA) के तहत सामग्री (कंटेंट) को ठीक से नियंत्रित न करने के लिए 12 करोड़ यूरो (करीब 13 करोड़ डॉलर) का भारी जुमाना लगाया था। अब अमेरिका ने इस मामले में एलन मस्क का साथ दिया है।
गुरुवार को अमेरिकी न्याय विभाग ने EU की जनरल कोर्ट में एक अर्जी दाखिल की, जिसमें अमेरिका ने साफतौर पर कहा है कि यूरोप एक अमेरिकी कंपनी पर अपने नियम थोपकर अपनी अधिकार सीमा से बाहर जा रहा है।
ब्रेट शुमेट ने कहा- EU ने अपनी हदें पार की
इस कदम के बाद इस बात पर फिर से बहस शुरू हो गई है कि दुनिया भर के रेगुलेटरों को बड़ी तकनीकी कंपनियों (बिग टेक) पर कितना अधिकार होना चाहिए।
अमेरिकी न्याय विभाग के सिविल डिविजन के असिस्टेंट अटॉर्नी जनरल ब्रेट शुमेट ने कहा, "यूरोपीय आयोग ने गलत तरीके से उन अमेरिकी कंपनियों पर भी अपने नियम लागू करने की कोशिश की है जो न तो उनके अधिकार क्षेत्र में आती हैं और न ही वहां काम करती हैं।"
EU के अधिकारियों का कहना है कि उनके नियम दुनिया भर के डिजिटल प्लेटफॉर्मों को सुरक्षित रखने के मकसद से बनाए गए हैं। मामले में एलन मस्क का तर्क है कि ऐसे नियम नए विचारों को बढ़ावा देने के बजाए नुकसान पहुंचाते हैं। हालांकि, आलोचक ये भी बताते हैं कि जब से उन्होंने 2022 में एक्स को खरीदा है, तब से प्लेटफॉर्म पर नफरत फैलाने वाली बातें और गलत जानकारी फैलने की चिंताएं और ज्यादा बढ़ गई हैं।