अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन उस 60 दिन की मोहलत को खत्म करना चाहता है, जो H-1B वीजा धारकों को नौकरी जाने के बाद भी अमेरिका में रहने देती है। इस प्रस्ताव पर अब तक 31,383 टिप्पणियां आ चुकी हैं। अगर यह लागू होता है तो हजारों विदेशी कामगारों, खासकर भारतीयों पर इसका गहरा असर पड़ सकता है।
मौजूदा नियम देता है 60 दिन की वीजा मोहलत
अभी की बात करें तो, अगर आपकी H-1B (या L-1, O-1, या TN) वीजा पर नौकरी चली जाती है, तो आपको नई नौकरी ढूंढने या अपने इमिग्रेशन स्टेटस को सही करने के लिए 2 महीने का समय मिलता है। डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी का कहना है कि इस समय को कम करने से कागजी काम में कमी आएगी और वीजा का रिश्ता सीधे नौकरी से बना रहेगा, लेकिन अगर यह नियम लागू हो जाता है, तो बहुत से लोगों को तुरंत अमेरिका छोड़ना पड़ सकता है। इसका मतलब है कि उन्हें अचानक अपना ठिकाना बदलना होगा और उनकी कमाई भी रुक जाएगी। DHS अंतिम फैसला लेने से पहले सभी सार्वजनिक टिप्पणियों की समीक्षा करेगा।