मंजूरी मिलते ही झटका, ट्रंप के 'विजय मेहराब' पर जज ने लगाई 14 दिन की रोक
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में एक विशाल 'विजय मेहराब' बनाने की राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना पर फिलहाल रोक लग गई है।
अमेरिकी नेशनल कैपिटल प्लानिंग कमीशन ने ट्रंप एडमिनिस्ट्रेशन को एक ट्राइंफल आर्च के प्रोजेक्ट के डिजाइन और अंतिम प्लान को 8-4 वोटों से मंजूरी दी थी, लेकिन एक संघीय न्यायाधीश ने इसके निर्माण पर 14 दिनों के लिए रोक लगा दी है।
इस स्मारक को मंजूरी मिलने के बाद से ही एक हाई-प्रोफाइल मुकदमा और जनता का भारी विरोध सामने आ रहा है, और इसी के चलते यह फैसला लिया गया है।
आलोचकों ने अड़चनों और कानूनी सवालों पर उठाए सवाल
अमेरिका में इस 250 फुट ऊंचे इस मेहराब की कड़ी आलोचना हो रही है। प्रतिनिधि डॉन बेयर ने इसे "एक व्यक्ति के अहंकार का विशाल स्मारक" बताया है।
कई लोगों का कहना है कि यह शहर के प्रमुख स्थलों के नजारों को रोकेगा और आर्लिंगटन नेशनल सेमेट्री के माहौल को खराब करेगा।
इसके अलावा, इस बात को लेकर भी कानूनी सवाल उठ रहे हैं कि क्या इसका निर्माण राष्ट्रीय स्मारकों की सुरक्षा के लिए बनाए गए नियमों का उल्लंघन करता है।
मेहराब में एक मिलिट्री कॉम्प्लेक्स होगा। इसे आर्लिंगटन मेमोरियल ब्रिज के पास बनाया जाना है, और ट्रंप का कहना है कि इसे उनके कार्यकाल के खत्म होने से पहले बनाया जाना चाहिए।