सऊदी अरब में फंसे भारतीयों का लौटना होगा आसान, भारतीय दूतावास की पहल से बढ़ीं उड़ानें
सऊदी अरब में यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा हो रहे घातक हमलों के बीच फंसे भारतीय यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है।
जेद्दाह में मौजूद भारत का वाणिज्य दूतावास लगातार एयरलाइंस के साथ बातचीत कर रहा है। उनकी कोशिश है कि सऊदी अरब और भारत के बीच हवाई संपर्क और बढ़े ताकि ज्यादा उड़ानें मिल सकें।
वे लगातार नई उड़ानों के विकल्प भी साझा कर रहे हैं। इसका मकसद उमराह यात्रियों सहित सभी प्रभावित लोगों के लिए यात्रा को आसान बनाना है। कुछ ने उड़ानें बढ़ाना शुरू कर दिया है।
फ्लाईनास ने दम्माम से भारत के लिए उड़ानें बढ़ाईं
इस बातचीत के बीच, फ्लाईनास एयरलाइन ने दम्माम से भारत के 6 शहरों के लिए अपनी उड़ानें बढ़ा दी हैं। इन शहरों में लखनऊ, मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद, कोझिकोड और कोच्चि शामिल हैं।
वाणिज्य दूतावास भी जेद्दाह, मदीना, दम्माम और रियाद जैसे सऊदी अरब के दूसरे शहरों से आने वाली उड़ानों की जानकारी लगातार साझा कर रहा है।
इससे भारतीय यात्रियों के लिए अपने देश वापस लौटने के और भी रास्ते खुल गए हैं। बता दें कि सऊदी में उमराह करने गए 4,000 से अधिक भारतीयों के अलावा अन्य कई भारतीय अभी फंसे हैं।