स्पेन की संसद में आवास कानून रद्द होने के बाद प्रधानमंत्री सांचेज ने चुनाव का ऐलान किया
स्पेन में आवास संकट के बढ़ते आक्रोश के जवाब में समाजवादी प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने आवास कानून लागू करने की योजना बनाई थी, लेकिन यह संसद में दक्षिणपंथी पार्टियों द्वारा खारिज कर दिया गया।
इसके बाद सांचेज ने 29 नवंबर को देश में चुनाव कराने का ऐलान किया है। उन्होंने विधेयक में कुछ प्रस्ताव रखे थे, जिनमें कमजोर किरायेदारों को बेदखल करना मुश्किल बनाना और किराए के समझौतों को अपने आप आगे बढ़ाना शामिल था।
हालांकि, विपक्षी दलों ने इन सभी प्रस्तावों को सिरे से खारिज कर दिया। सांचेज का मानना है कि देश में बढ़ती आवास की समस्याओं से निपटने के लिए उन्हें एक मजबूत प्रगतिशील बहुमत की आवश्यकता है।
किराए को लेकर पूरे स्पेन में विरोध प्रदर्शन
पूरे स्पेन में, खासकर मैड्रिड में, हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं। वे आसमान छूते किराए के साथ-साथ एक 87 साल की बुजुर्ग महिला को बेदखल किए जाने के मामले को लेकर भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस महिला की कहानी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। पिछले 10 सालों में औसत किराया लगभग दोगुना हो गया है। इसके विरोध में मैड्रिड की पूरी सड़कें लोगों के भरी हुई हैं।
ऐसे में कई लोग खुद को बेघर महसूस कर रहे हैं और उन्हें लगता है कि वे अब इन बढ़े हुए किराए को वहन नहीं कर सकते।
बता दें कि सांचेज ने 2018 में प्रधानमंत्री का कार्यभार ग्रहण किया था।