सिंगापुर ने मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग को एक जांच के बाद बरी कर दिया है। उन पर आरोप थे कि उन्होंने देश के कानूनों का उल्लंघन किया था और उनसे इस सिलसिले में पूछताछ भी हुई थी।
अधिकारियों को हुआंग के खिलाफ आरोप लगाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले। जांच में यह भी सामने आया कि वे विवादित चिप्स कभी सिंगापुर पहुंचे ही नहीं, बल्कि उन्हें कहीं और भेजा गया था।
अमेरिकी ब्लैकलिस्ट के बीच मेगास्पीड पर जांच जारी
एलिस हुआंग को राहत मिलने के बावजूद, मेगास्पीड कंपनी अभी भी जांच के दायरे में है।
सिंगापुर का कहना है कि वह इस मामले में कोई भी आखिरी फैसला लेने से पहले अमेरिका से और जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा है।
उधर, अमेरिका ने चिप निर्यात से जुड़ी चिंताओं के चलते मेगास्पीड को पहले ही ब्लैकलिस्ट कर दिया है। ऐसे में यह मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
क्या है विवाद?
सिंगापुर की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी मेगास्पीड, एनवीडिया की पार्टनर थी। यह AI कंप्यूटिंग के लिए एडवांस्ड सर्वर और चिप्स का इस्तेमाल करती थी। अमेरिका को शक है कि मेगास्पीड ने एनवीडिया की एडवांस्ड AI चिप्स खरीदीं और उन्हें प्रतिबंधों से बचाकर चीन के ग्राहकों तक पहुंचाया। अब मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी के खिलाफ सिंगापुर को संबंधित आरोपों में मुकदमा चलाने लायक सबूत नहीं मिले हैं।