सूरज बड़जात्या के साथ काम करना क्यों है खास? आयुष्मान खुराना ने बताई शूटिंग की कहानी
क्या है खबर?
बॉलीवुड में इन दिनों काम के घंटों को लेकर बहस छिड़ी हुई है। पिछले साल दीपिका पादुकोण ने 8 घंटे की शिफ्ट की मांग उठाई थी, जिसके बाद यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस बीच, कई कलाकारों और फिल्म निर्माताओं ने काम के स्वस्थ माहौल की जरूरत पर जोर दिया है। अब आयुष्मान खुराना और शरवरी ने बताया है कि सूरज बड़जात्या के फिल्म सेट बाकी सेटों से किस तरह अलग होते हैं।
खुलासा
आयुष्मान ने सूरज के साथ काम करने के अपने अनुभव का किया खुलासा
आयुष्मान ने सूरज के साथ काम करने पर कहा, "सूरज के सेट पर होना एक आध्यात्मिक अनुभव जैसा है। वह कलाकार और उनकी कला को ऊपर रखते हैं। 61 साल की उम्र में, वह एक आदर्श निर्देशक की मिसाल हैं। वह हमेशा कुछ न कुछ सीखते रहते हैं और स्वभाव से बेहद विनम्र हैं। हमने एक दिन में कभी भी 8 से 10 घंटे से ज्यादा शूटिंग नहीं की। वह हमारी नींद को प्राथमिकता देते थे और हमसे कहते थे।"
बात
सूरज अक्सर आयुष्मान से कहते थे ये बात
आयुष्मान ने आगे कहा, "वह अक्सर हम लोगों से कहते थे कि घर जाओ और 8 घंटे की नींद लो। तुम्हें अच्छा दिखना है। उनका मानना है कि अगर सेट पर एनर्जी अच्छी हो, तो वह पर्दे पर भी नजर आती है।"
सूरज के निर्देशन में बनी रोमांटिक फैमिली ड्रामा फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान और शरवरी मुख्य भूमिका में हैं।
इसमें आयुष्मान, सूरज के बेहद लोकप्रिय 'प्रेम' वाले किरदार में नजर आएंगे।
तारीफ
शरवरी ने की सूरज की तारीफ
शरवरी ने इस बारे में बात करते हुए कहा, "उन्होंने हमें खास तौर पर बताया था कि हमें कम से कम 8 घंटे की नींद लेनी चाहिए। उनकी कास्ट और क्रू बहुत बड़ी है, जिसमें दर्जनों कलाकार, लाइटमैन और सहायक निर्देशक शामिल हैं। इतने बड़े पैमाने पर काम करने के बावजूद, वह अपने काम को खास अनुशासन, सम्मान और प्यार के साथ करते हैं। वह न सिर्फ कलाकारों का, बल्कि सेट पर मौजूद हर एक व्यक्ति का ख्याल रखते हैं।"
जानकारी
कब रिलीज होगी आयुष्मान-शरवरी की फिल्म?
'ये प्रेम मोल लिया' को राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर निर्मित किया है। इसमें आयुष्मान-शरवरी के साथ-साथ अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा और सौम्या टंडन भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 27 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।