होर्मुज में जहाज पर हमले के बाद आग लगी; 27 भारतीय थे सवार, सभी सुरक्षित
क्या है खबर?
होर्मुज जलडमरूमध्य में एक वाणिज्यिक जहाज MT लुईस 1 पर हमला हुआ है। हमले से जहाज को नुकसान पहुंचा है और इंजन रूम में आग भी लग गई। हालांकि, चालक दल ने कुछ ही देर बाद आग पर काबू पा लिया। जहाज के चालक दल में 27 भारतीय भी शामिल हैं, जो फिलहाल सुरक्षित हैं। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि सभी भारतीय नाविकों को कोई चोट नहीं लगी है।
घटना
पहली बार लिम्पेट माइंस से हमला
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के अनुसार, यह घटना गुरुवार को ओमान के खासब से 46 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में हुई।
जहाज पर लिम्पेट माइंस से हमला किया गया।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिका-ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद से होर्मुज में पहली बार लिम्पेट माइंस से हमला हुआ है।
इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन (IMO) के मुताबिक, 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद से 27 अक्टूबर तक होर्मुज और उसके आसपास 120 समुद्री घटनाएं हुईं।
IRGC
4 अन्य जहाजों पर भी हुए धमाके- IRGC
ईरान की IRGC ने कहा कि होर्मुज में 4 तेल टैंकरों में आग लग गई और धमाके भी हुए। ये टैंकर कथित तौर पर अनधिकृत मार्गों का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे थे।
IRGC ने कहा कि कच्चे तेल के 20 लाख बैरल ले जा रहे एक टैंकर ने बारूदी सुरंग को टक्कर मार दी थी।
इसी महीने भारतीय चालक दल वाले 5 जहाजों पर होर्मुज में हमला हुआ है।