अमेरिका में बर्फीले तूफान के चलते 8,000 उड़ानें रद्द, स्कूल बंद; कई जगहों पर आपातकाल घोषित
क्या है खबर?
उत्तर-पूर्वी अमेरिका में ताकतवर बर्फीले तूफान के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। जबरदस्त बर्फबारी के चलते सार्वजनिक परिवहन पर रोक लगाई गई है, स्कूल-कॉलेज बंद हैं और कई शहरों में आपातकाल जैसी स्थिति है। बर्फबारी और सर्द हवाओं के चलते 8,000 से ज्यादा उड़ानों को रद्द किया गया है। क्षेत्र के बड़े हिस्से में बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गई है और प्रशासन ने लोगों से गैरजरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।
न्यूयॉर्क
न्यूयॉर्क शहर में 15 इंच तक बर्फबारी
न्यूयॉर्क शहर में 15 इंच तक हुई बर्फबारी, बारिश और तेज हवाओं के कारण आपातकाल घोषित किया गया है। सड़कों, हाईवे और पुलों को बंद कर दिया गया है। शहर के सेंट्रल पार्क में 19 इंच बर्फ गिरी है। रोड आइलैंड के वारविक में 3 फीट से ज्यादा बर्फ गिरी, जो अब तक की सबसे ज्यादा है। नैनटकेट में 133 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। इसके अलावा केप कॉड में भी तेज बर्फीली हवाएं चलीं।
असर
तूफान के असर के चलते कहां-क्या हुआ?
न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि पिछले एक दशक में शहर में इस तरह का भीषण तूफान नहीं आया है। न्यू जर्सी ने भी यात्रा प्रतिबंध लागू किए हैं। रोड आइलैंड ने निवासियों से सड़क यात्रा से बचने का आग्रह किया है। न्यूयॉर्क, फिलाडेल्फिया और दूसरे शहरों के साथ-साथ कई राज्यों ने आपातकाल घोषित कर दिया है। बीती शाम पूरे देश में 4.50 लाख से ज्यादा घरों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
बयान
न्यूयॉर्क की गवर्नर बोलीं- सबसे बुरी स्थिति अभी आना बाकी
न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने कहा, "सबसे बुरा तो अभी आना बाकी है। आपको जो भी चाहिए- किराना, दवाइयां, पालतू जानवरों का खाना, वो सब अभी ले लें।" राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) ने आशंका जताई कि मैरीलैंड से लेकर दक्षिणपूर्वी न्यू इंग्लैंड तक बर्फीले तूफान जैसी स्थिति 'तेजी से उत्पन्न' हो सकती है, जिससे यात्रा 'बेहद खतरनाक' हो जाएगी। मौसम विभाग ने बिजली कटौती की भी आशंका जताई है।
मौसम विभाग
तूफान को लेकर मौसम विभाग ने दिए ये अपडेट्स
NWS ने कहा कि आज रात न्यू इंग्लैंड के कुछ हिस्सों में बर्फीले तूफान के हालात बने रहेंगे। शाम के बाद बर्फबारी की दर घटकर 1 इंच प्रति घंटे से कम हो जाएगी और रातभर कम होती रहेगी। लगातार हो रही बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण उत्तर-पूर्वी सीबोर्ड पर बर्फबारी जारी रहेगी, जिसमें दक्षिणी न्यू इंग्लैंड भी शामिल है। दृश्यता कम होने से इन इलाकों में सफर करना बहुत खतरनाक और कई बार लगभग नामुमकिन हो जाएगा।
उड़ानें
8,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द
वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बताया कि कल और आज बोस्टन और न्यूयॉर्क में लगभग 8,000 उड़ानें रद्द कर दी गईं। रोड आइलैंड के TF ग्रीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने बताया कि वो कुछ समय के लिए हवाई अड्डे के सभी कामकाज बंद कर रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि हवाई अड्डे पर 32.8 इंच बर्फबारी हुई, जो 1978 के बाद सबसे ज्यादा है। कई जगहों पर मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।े