अमेरिका में रूसी राजदूत अलेक्जेंडर डार्चीव की 66 साल की उम्र में अचानक मौत
क्या है खबर?
अमेरिका में रूसी राजदूत अलेक्जेंडर डार्चीव की 66 साल की उम्र में अचानक मौत हो गई। यह जानकारी रूस विदेश मंत्रालय ने दी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि डार्चीव ने 11 नवंबर को दम तोड़ा। हालांकि, उनकी मौत का कोई कारण नहीं बताया गया। मंत्रालय ने आगे कहा, "हमने एक बेहतरीन राजनयिक, एक अनुभवी नेता, एक दयालु साथी और मेंटर खो दिया है। अमेरिकी विशेषज्ञ डार्चीव ने रूसी विदेश नीति के सबसे मुश्किल क्षेत्र में काम किया है।"
पद
पुरानी बीमारी को बताया जा रहा कारण
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मार्च 2025 में डार्चीव को वॉशिंगटन में राजदूत बनाया था। डार्चीव एक अनुभवी राजनयिक थे, जिन्हें अमेरिकी मामलों का बहुत अनुभव था।
रूसी मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने बाद में टेलीग्राम पर बताया कि डार्चीव की मौत एक पुरानी बीमारी के कारण मॉस्को में हुई है।
बताया जा रहा है कि रूसी राजदूत वाशिंगटन डीसी छोड़कर मॉस्को लौट आए थे, जहां उनका लंबे समय से चल रही बीमारी का इलाज चल रहा था।
पहचान
डार्चीव के समय में अमेरिका-रूस रिश्ते में आई नरमी
सोवियत यूनियन के आखिरी दशक में, डार्चीव अमेरिका और कनाडा के स्टेट इंस्टीट्यूट में एक रिसर्चर थे, जहां उन्होंने 1970-1980 के दशक में अमेरिकी समाज और राजनीति में "लेफ्ट-लिबरल ताकतों" की भूमिका पर थीसिस लिखी थी।
उन्होंने वॉशिंगटन में 1997-2002 तक और 2005-2010 तक रूसी दूतावास में काम किया। वे 2014-2021 तक कनाडा में राजदूत रहे।
उनके कार्यकाल में अमेरिका-रूस रिश्तों में नरमी आई और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मॉस्को के साथ द्विपक्षीय बातचीत शुरू की।
भूमिका
पश्चिमी नीतियों की आलोचना करने वाले डार्चीव
डार्चीव पहले वॉशिंगटन में रूसी विदेश मंत्रालय के नॉर्थ अटलांटिक डिपार्टमेंट के प्रमुख थे। वे पश्चिमी नीतियों की सार्वजनिक तौर पर आलोचना करने के लिए जाने जाते थे।
बता दें कि लगभग एक दशक पहले एक और रूसी राजदूत की 64 साल की उम्र में अचानक मौत हो गई थी।
संयुक्त राष्ट्र में राजदूत विटाली चुर्किन की उनके 65वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले 2017 में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी।