रूस ने यूक्रेन पर अपने हमले तेज कर दिए हैं। उसने जापोरिजिया में प्रावोबेरेझ्ना पावर प्लांट और ओडेसा क्षेत्र में दानूब नदी पर बने किलिया बंदरगाह के ठिकानों जैसे कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर साइट्स को निशाना बनाया है।
इन हमलों से ओडेसा और आसपास के इलाकों में बिजली की आपूर्ति पर काफी दबाव बढ़ गया है। इससे वहां के लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और भी मुश्किल हो गई है।
ग्रिड ऑपरेटर ने कहा- बिजली बहाल करना संभव नहीं
यूक्रेन के ग्रिड ऑपरेटर यूक्रेनेरगो का कहना है कि तबाही इतनी ज्यादा हुई है कि अभी बिजली बहाल करना मुमकिन नहीं है। इसके अलावा, कीव के पास एक रूसी हवाई हमले में एक रिहायशी इमारत तबाह हो गई।
आशंका है कि उसमें 14 लोग फंसे हो सकते हैं। इसी दौरान, यूक्रेनी सेना ने रूस द्वारा दागे गए 186 ड्रोनों में से ज्यादातर को तो रोक लिया, लेकिन वे 18 जगहों पर नुकसान होने से नहीं रोक पाए।
इस लड़ाई के कारण पूर्वी यूक्रेन में 2 लाख से ज्यादा लोगों की बिजली गुल हो गई है।