बलूचिस्तान में गोल्ड कप खेलने जा रही कराची की फुटबॉल टीम पर हमला, खिलाड़ियों को लूटा
पाकिस्तान में बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में होने वाले मुख्यमंत्री गोल्ड कप में हिस्सा लेने जा रही कराची की एक फुटबॉल टीम को बलूचिस्तान के हाईवे पर हथियारबंद बदमाशों ने लूट लिया।
बदमाशों ने मस्तुंग और सारियाब के बीच उनकी बस को रोका और उसमें सवार सभी खिलाड़ियों से मोबाइल फोन, नकदी और कीमती सामान छीन लिया।
टीम प्रबंधक जुल्फिकार अली भुट्टो ने बताया कि कुछ खिलाड़ियों और यात्रियों के साथ मारपीट भी की गई है। उनको इसकी सूचना पुलिस को दी है।
बलूचिस्तान के खेल मंत्री ने दी आर्थिक मदद
क्वेटा पहुंचने के बाद टीम ने बलूचिस्तान के खेल मंत्री से मिलकर उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। मंत्री ने तुरंत आर्थिक मदद का भरोसा दिया है।
सिंध फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव मुहम्मद आजम ने बताया कि उन्होंने पहले ही सभी टीमों को इस रास्ते पर बस या ट्रेन से यात्रा न करने की चेतावनी दी थी, क्योंकि यहां सुरक्षा के खतरे बने रहते हैं। उनकी यह चेतावनी इस बार सच साबित हुई।
बता दें कि क्वेटा में इससे पहले पाकिस्तान की कई ट्रेनों और बसों पर हमला हो चुका है।