निरहुआ संग अफेयर की खबरों पर आम्रपाली दुबे ने तोड़ी चुप्पी, कही ये बात
क्या है खबर?
भोजपुरी सिनेमा की अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने अभिनेता, नेता और भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ के साथ अपने रिश्ते को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर बात की। 'बिग बॉस 20' में लव गिल से बातचीत के दौरान उन्होंने निरहुआ के साथ अपनी गहरी दोस्ती का जिक्र किया। आम्रपाली ने बताया कि दोनों की मजबूत दोस्ती को देखकर लोग अक्सर हमारे बीच रोमांटिक रिश्ता होने का अंदाजा लगा लेते हैं।
रिश्ते
आम्रपाली ने की दिनेश के साथ अपने रिश्ते पर बात
निरहुआ के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए आम्रपाली ने कहा, "जब मैं भोजपुरी इंडस्ट्री में आई, तो दिनेश जी मेरे सबसे अच्छे दोस्त बने। आज भी, अगर मुझे दिनेश जी से कुछ कहना हो, तो मैं बस उन्हें देख लेती हूं। उन्हें पता चल जाता है कि मैं क्या कहना चाहती हूं और वे हंसने लगते हैं। दोस्ती ऐसी ही होनी चाहिए। बिना किसी दिखावे वाली दोस्ती।"
प्रतिक्रिया
आम्रपाली ने अफवाहों पर दी प्रतिक्रिया
आम्रपाली ने अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी, जिनमें कहा जा रहा था कि वे दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिनेश खुद उन्हें शादी करने के लिए कहते हैं, जबकि लोग समझते हैं कि वे एक कपल हैं।
इन अटकलों पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "लोग सोचते हैं कि दिनेश जी और मैं डेट कर रहे हैं। बेचारे दिनेश जी तो यह कहते-कहते परेशान हो गए हैं कि मुझे किसी से शादी कर लेनी चाहिए।"
शादी
आम्रपाली ने की शादी पर बात
आम्रपाली ने आगे कहा, "मैं उन्हें क्या कहूं? असल में, लोगों को लगता है कि शादी करना आसान है। वे यह नहीं समझते कि हमें (लड़कियों को) वह सब कुछ छोड़ना पड़ेगा, जो हमने इतने सालों में बनाया है। इसलिए लड़कों को यह शब्द बहुत आसान लगता है कि शादी कर लो।"
आम्रपाली और निरहुआ भोजपुरी सिनेमा में सबसे अधिक पहचानी जाने वाली जोड़ियों में से एक हैं। उन्होंने साथ में कई भोजपुरी फिल्मों में एक साथ काम किया है।