'रो-को' नाम पर रोहित शर्मा बोले- कोहली के साथ टीवी पर ये देखकर खूब हंसता हूं
क्या है खबर?
रोहित शर्मा और विराट कोहली भारतीय वनडे टीम की बल्लेबाजी के अहम स्तंभ बने हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अंतिम दौर में दोनों खिलाड़ियों को 'रो-को' नाम से भी पहचाना जाता है जो प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय है। हाल ही में जियो-हॉटस्टार से बातचीत में रोहित ने 'रो-को' नाम की शुरुआत और कोहली के साथ अपनी दोस्ती को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि यह खास जुड़ाव कैसे बना और 'रो-को' नाम प्रशंसकों के बीच लोकप्रिय हुआ।
बयान
रोहित ने क्या कहा?
रोहित ने 'रो-को' नाम को लेकर कहा कि इसकी शुरुआत शायद तब हुई थी जब वह और कोहली ऑस्ट्रेलिया में साथ खेल रहे थे या ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद भारत लौटे थे।
रोहित ने बताया कि जब भी टीवी पर 'रो-को' नाम चलता है तो वह और कोहली एक-दूसरे को देखकर हंसते हैं।
उन्होंने इसे मजेदार बताया और कहा कि लोगों को थोड़ा मसाला चाहिए होता है, इसलिए 'रो-को' के रूप में उन्हें भी कुछ मसाला मिल गया।
दिग्गज
कोहली ने इस बारे में क्या था?
कोहली ने 'रो-को' नाम को लेकर कहा था कि यह सुनने में काफी अच्छा लगता है और इसका एक अलग ही अंदाज है। लोग इस नाम के साथ खूब मजा ले रहे हैं।
कोहली ने बताया था कि अब जब दोनों खिलाड़ी सिर्फ एक प्रारूप में खेलते हैं तो प्रसारक के नजरिए से भी यह एक अच्छा नाम है।
उन्होंने कहा कि टीवी पर 'ओह, रो-को आ गए, वे वापस आ गए' जैसी बातें सुनने को मिलती हैं।
बातें
हम दोनों के बीच मजबूत दोस्ती है- रोहित
रोहित ने कोहली के साथ रिश्ते पर आगे कहा, "हम दोनों के बीच मजबूत दोस्ती है और हम समझते हैं कि इस स्तर पर खेलने के लिए क्या जरूरी होता है। हमारे तरीके अलग हैं, लेकिन ऐसा ही होना चाहिए क्योंकि हर व्यक्ति अलग होता है। उन्होंने टीम के लिए जो किया है उसे लेकर कोई सवाल नहीं है। यह सभी के सामने है। आगे वह जो भी करेंगे मुझे नहीं लगता कि कुछ बदलेगा या बदला है।"
कप्तान
कोहली जैसे थे वैसे ही हैं- रोहित
रोहित ने आगे कहा, "कोहली वही रहेंगे जिन्हें हम जानते हैं। वह आएंगे अच्छी तैयारी करेंगे, रन बनाने और भारतीय टीम के लिए मैच जीतने की कोशिश करेंगे। मैं उन्हें इसी तरह देखता हूं। जब वह कप्तान थे तब भी वह लगभग ऐसे ही थे और जब मैं कप्तान था तब भी उनमें कोई बदलाव नहीं आया। इसलिए मुझे नहीं लगता कि अब किसी चीज में बदलाव की जरूरत है।"