Page Loader
पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर बोले- हम दृढ़ता से कश्मीरियों के साथ, भारत का कब्जा अवैध
पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर ने फिर कश्मीर का मुद्दा उठाया है

पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर बोले- हम दृढ़ता से कश्मीरियों के साथ, भारत का कब्जा अवैध

लेखन आबिद खान
Jun 29, 2025
11:42 am

क्या है खबर?

पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख असीम मुनीर ने एक बार फिर कश्मीर मुद्दा उठाते हुए भारत को धमकी दी है। पाकिस्तानी नौसेना की पासिंग आउट परेड में असीम ने कहा कि अगर दुश्मन तनाव बढ़ाता है तो इसके पूरे क्षेत्र में बहुत बुरे परिणाम हो सकते हैं और इसका जिम्मेदार दुश्मन ही होगा। इस दौरान मुनीर ने भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' पर कुछ नहीं कहा और अपनी हार को संयम और परिपक्वता बताया।

बयान

असीम बोले- हम कश्मीरियों के साथ खड़े

असीम ने कश्मीर में पाकिस्तानी आतंकवाद को कश्मीरियों की लड़ाई से जोड़ते हुए कहा, "ऐसे समय में हमें अपने कश्मीरी भाइयों की कुर्बानी को याद रखना चाहिए, जो भारत के अवैध कब्जे के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। हम कश्मीरी लोगों के साथ दृढ़ता से खड़े हैं। पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों और कश्मीरी लोगों की आकांक्षाओं के अनुसार कश्मीर मुद्दे के न्यायपूर्ण समाधान का प्रबल समर्थक है।" मुनीर ने इस दौरान कुरान की कुछ आयतें भी पढ़ीं।

भारत

असीम बोले- कश्मीर पर भारत का कब्जा अवैध

असीम ने अपने संबोधन में कई बार कहा कि कश्मीर पर भारत का कब्जा अवैध है। उन्होंने कहा, "भारत जिसे आतंकवाद बता रहा है, वो अंतरराष्ट्रीय प्रथाओं के मुताबिक कश्मीरियों का वैध संघर्ष है। हमें ये पता होना चाहिए कि कश्मीर मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के बिना क्षेत्रीय शांति दूर की कोड़ी है। पाकिस्तान हमेशा भारत के कब्जे वाले कश्मीर के लोगों को राजनीतिक, कूटनीतिक और नैतिक समर्थन देता रहेगा।"

ऑपरेशन सिंदूर

पाकिस्तान ने परिपक्वता से व्यव्हार किया- असीम

असीम ने कहा, "भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ उकसावे वाली कार्रवाई की, जिसका पाकिस्तान ने मजबूती से जवाब दिया। इससे न सिर्फ हमारे राष्ट्रीय सम्मान की रक्षा हुई, बल्कि इस क्षेत्र में बड़ा तनाव होते होते बच गया। उकसावे के बावजूद पाकिस्तान ने संयम और परिपक्वता से काम लिया और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के प्रति अपना प्रतिबद्धता जताई। अगर दुश्मन पाकिस्तान पर ये सोचकर नजर उठाएगा कि उसे कुछ जवाब नहीं मिलेगा, तो ये उसकी गलती होगी।"

परिचय

कौन है असीम मुनीर?

मुनीर का जन्म 1968 में रावलपिंडी में हुआ था। वे 1986 में पाकिस्तानी सेना में शामिल हुए। मुनीर फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में सेवारत थे और बाद में उत्तरी क्षेत्रों में ब्रिगेडियर भी रहे। मुनीर अक्टूबर, 2018 से जून, 2019 तक पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेस इंटेलिजेंस (ISI) के प्रमुख भी रह चुके हैं। वे 2022 में सेना प्रमुख बने और भारत के साथ संघर्ष में उनकी 'भूमिका' के लिए उन्हें फील्ड मार्शल पर पदोन्नत किया गया है।