Page Loader
उत्तर कोरिया: किम जोंग उन ने अमेरिका से मुकाबले के लिए सेना को तैयार रहने को कहा
उत्तर कोरिया के किम जोंग उन ने सेना को युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा

उत्तर कोरिया: किम जोंग उन ने अमेरिका से मुकाबले के लिए सेना को तैयार रहने को कहा

लेखन गजेंद्र
Dec 28, 2023
10:54 am

क्या है खबर?

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने अपनी सेना को अमेरिका से मुकाबला करने के लिए तैयार रहने का आदेश दिया है। रॉयटर्स के मुताबिक, देश की समाचार एजेंसी KCNA ने बताया कि बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक में नए साल के लिए नीति-निर्देशों पर बोलते हुए किम ने यह बात कही। उन्होंने युद्ध की तैयारियों को तेज करने के लिए पीपुल्स आर्मी और युद्ध सामग्री उद्योग, परमाणु हथियार और नागरिक सुरक्षा क्षेत्रों के लिए कार्य निर्धारित किए।

मुकाबला

साम्राज्यवाद विरोधी स्वतंत्र देशों से बढ़ाएंगे दोस्ती- किम

बैठक के दौरान किम ने कहा कि उत्तर कोरिया 'साम्राज्यवाद विरोधी स्वतंत्र' देशों के साथ रणनीतिक सहयोग का विस्तार करेगा। बैठक में किम ने नए साल के लिए आर्थिक लक्ष्य भी रखे हैं। उन्होंने 2024 को 5 साल की विकास योजना को पूरा करने के लिए निर्णायक साल बताया। साथ ही उन्होंने नए साल के लिए प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में गतिशील रूप से आगे बढ़ने के महत्वपूर्ण कार्यों को स्पष्ट किया।

युद्ध

पहले भी दिए हैं तैयारी करने के आदेश

यह पहली बार नहीं जब किम ने युद्ध के लिए अपनी सेना को तैयार रहने को कहा हो। इससे पहले अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच हुए साझा युद्ध अभ्यास पर भी वह बौखला गए थे। बता दें, उत्तर कोरिया रूस के साथ अपने संबंधों को बढ़ा रहा है क्योंकि अमेरिका ने प्योंगयांग पर रूस को यूक्रेन युद्ध के दौरान सैन्य उपकरण आपूर्ति का आरोप लगाया है। वहीं रूस कोरिया की सैन्य क्षमताओं में तकनीकी सहायता करता है।