Page Loader
टाइम मैगजीन 2025 में कोई भारतीय नाम शामिल नहीं, बांग्लादेश के मुहम्मद यूनुस ने जगह बनाई
टाइम मैगजीन 2025 में बांग्लादेश के मुहम्मद यूनुस शामिल

टाइम मैगजीन 2025 में कोई भारतीय नाम शामिल नहीं, बांग्लादेश के मुहम्मद यूनुस ने जगह बनाई

लेखन गजेंद्र
Apr 17, 2025
10:00 am

क्या है खबर?

अमेरिका की प्रतिष्ठित टाइम मैगजीन 2025 के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में इस बार किसी भारतीय को जगह नहीं मिली है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है। मैगजीन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, टेस्ला के मालिक एलन मस्क और बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस का नाम शामिल है। पिछले साल 2024 में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और कुश्ती पहलवान साक्षी मलिक उन कुछ भारतीयों में शामिल थीं, जिनको मैगजीन में जगह मिली थी।

टाइम मैगजीन

इस बार प्रभावशाली नेताओं में कौन-कौन शामिल?

टाइम मैगजीन की वार्षिक सूची को कई श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिसमें 'नेता', 'प्रतीक', 'टाइटन्स' और कलाकार आदि होते हैं। नेताओं की सूची में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेन्स, दक्षिण कोरियाई नेता ली जेई म्यूंग, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस और जिहादी से सीरिया के राष्ट्रपति बने अहमद अल-शरा शामिल हैं।

सूची

कब-कब भारतीय नहीं हुए शामिल?

टाइम मैगजीन का प्रभावशाली लोगों को चुनने का सिलसिला वर्ष 1927 में शुरू हुआ था, तब से कई नाम इसमें शामिल हो चुके हैं। हालांकि, कुछ वर्ष छोड़कर 2000 से इसमें लगातार भारतीय उपस्थिति बनी हुई है। हालांकि, टाइम 'पर्सन ऑफ द ईयर' में सिर्फ महात्मा गांधी को जगह मिली, जिन्हें 1930 में यह खिताब मिला था। इसके बाद किसी भारतीय को 'पर्सन ऑफ द ईयर' नहीं बनाया गया। 2018 और 2019 में भी कोई भारतीय मैगजीन में नहीं था।

जानकारी

भारतीय मूल की रेशमा केवलरमानी का नाम शामिल

टाइम में भले कोई भारतीय न हो, लेकिन भारतीय मूल की रेशमा केवलरमानी प्रभावशाली नेताओं की सूची में हैं। रेशमा अमेरिका की बड़ी सार्वजनिक बायोटेक्नोलॉजी कंपनी वर्टेक्स फार्मास्यूटिकल्स की पहली महिला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हैं। वह 11 साल की उम्र में अमेरिका आईं थीं।