ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद-बाकर गालीबाफ ने अमेरिका के सामने 7 बड़ी मांगें रखी हैं। इनमें नौसैनिक नाकेबंदी खत्म करने, प्रतिबंधों में ढील देने और जमे हुए फंड्स को जारी करने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
उन्होंने चेतावनी भी दी है कि आगे कोई सैन्य कार्रवाई न की जाए। गालीबाफ ने साफ-साफ कहा, "हमें इस बात की परवाह नहीं कि अमेरिका बातचीत का रास्ता चुनता है या जंग का।"
ईरान ने अमेरिकी ठिकाने पर हमले का दावा किया
इस हफ्ते तनाव तब और बढ़ गया जब ईरान की सेना ने बहरीन में अमेरिका के एक रडार ठिकाने पर ड्रोन हमले का दावा किया। इसी दौरान, दुनिया के लिए कच्चे तेल की आवाजाही का अहम रास्ता माने जाने वाले होर्मुज जलडमरूमध्य में कई तेल टैंकरों पर हमला हुआ।
बताया जा रहा है कि इन पर माइन से हमला किया गया, जिससे सुरक्षा की चिंताएं बढ़ गई हैं। दोनों देश अपनी-अपनी बात पर अड़े हुए हैं। ऐसे में ईरान का कहना है कि वह हमेशा "न जंग, न शांति" वाली स्थिति में नहीं रह सकता। आगे क्या कदम उठाना है, यह फैसला उसकी सेना करेगी।