अमेरिकी उपराष्ट्रपति का मानना- ट्रंप को युद्ध से जुड़ी पूरी सच्चाई नहीं बता रहा पेंटागन
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच ट्रंप प्रशासन के भीतर मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का मानना है कि पेंटागन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को युद्ध की जमीनी हकीकत के बारे में सटीक जानकारी नहीं दे रहा है। द अटलांटिक के अनुसार, वेंस ने बंद कमरों में हुई बैठकों में मिसाइल भंडार और लंबे युद्ध को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
रिपोर्ट
रिपोर्ट में दावा- ट्रंप को सैन्य कामयाबी बढ़ा-चढ़ाकर बताई जा रही
रिपोर्ट के मुताबिक, वेंस को शक है कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन ने ईरान युद्ध में अमेरिकी सेना की कामयाबी को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया है। बैठकों में वेंस ने अपनी चिंताए जाहिर की हैं, लेकिन किसी पर सीधे आरोप नहीं लगाए हैं। रिपोर्ट में ट्रंप प्रशासन के 2 अधिकारियों के हवाले से कहा गया कि उपराष्ट्रपति वेंस ने पेंटागन के दावों की असलियत पूछी है।
मिसाइल
मिसाइल भंडार को लेकर सबसे ज्यादा चिंतित हैं वेंस- रिपोर्ट
वेंस की सबसे बड़ी चिंता अमेरिका के घटते हथियार भंडार को लेकर है। कुछ आंतरिक अनुमानों से संकेत मिलता है कि अमेरिका ने अपनी महत्वपूर्ण मिसाइल प्रणालियों और इंटरसेप्टर्स का आधा से ज्यादा हिस्सा युद्ध में इस्तेमाल कर लिया है। हथियारों की यह कमी किसी अन्य संभावित संघर्ष में अमेरिका की जवाबी क्षमता को कमजोर कर सकती है। वेंस ने ट्रंप के साथ बातचीत में अमेरिका के मिसाइल भंडार को लेकर भी चिंता जाहिर की है।
पेंटागन
पेंटागन का कुबूलनामा- हाइपरसोनिक मिसाइलों के आगे अमेरिका बेबस
पेंटागन के अधिकारियों ने सीनेट की सुनवाई के दौरान कहा कि अमेरिका के पास फिलहाल चीन और रूस की आधुनिक हाइपरसोनिक मिसाइलों से बचने का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। सीनेट की सुनवाई में अंतरिक्ष नीति के असिस्टेंट सेक्रेटरी मार्क जे बरकोविट्ज ने कहा, "हमारा मौजूदा ग्राउंड-बेस्ड डिफेंस सिस्टम सिर्फ एक लेयर वाला है। इसे सालों पहले छोटे और सामान्य हमलों को ध्यान में रखकर बनाया गया था। आज के माहौल में यह पूरी तरह विफल साबित हो सकता है।"
अन्य खुलासे
वेंस मामले को व्यक्तिगत नहीं बनाने की कोशिश कर रहे- रिपोर्ट
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने द अटलांटिक को बताया कि वेंस निजी तौर पर रणनीतिक योजनाओं को लेकर बहुत गहराई से सवाल पूछते हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि वेंस कोशिश कर रहे हैं कि यह मामला व्यक्तिगत न बने और ट्रंप प्रशासन में कोई फूट न पड़े। हालांकि, वेंस के कुछ करीबी लोगों का मानना है कि हेगसेथ युद्ध में अमेरिका की स्थिति को इतना अच्छा दिखा रहे हैं कि वह भ्रामक हो सकता है।