ममता बनर्जी ने भाजपा पर धांधली का आरोप लगाया, पर्यवेक्षकों-सुरक्षा बलों को आतंक फैलाने वाला बताया
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के तहत दूसरे चरण का मतदान चल रहा है। इस बीच, भबानीपुर से तृणमूल कांग्रेस (TMC) की उम्मीदवार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में कई ऐसे अधिकारी और पर्यवेक्षक लाए गए हैं, जो बंगाल को नहीं समझते हैं और वे TMC के एजेंटों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे मनमानी कर रहे हैं और आतंक फैला रहे हैं।
बयान
पार्षद के घर पर CRPF ने हमला किया- ममता
मुख्यमंत्री ममता ने कोलकाता में कहा, "हम चाहते हैं कि मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। लेकिन, कई ऐसे अधिकारी और पर्यवेक्षक लाए गए हैं जो बंगाल को नहीं समझते। कुछ पर्यवेक्षक ऐसे भी हैं जो TMC के एजेंटों को निशाना बना रहे हैं...कल रात CRPF ने, बिना पुलिस के, 70 नंबर वार्ड के पार्षद के घर पर हमला कर दिया।" मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्षद की गैर-मौजूदगी में पत्नी-बच्चों के सामने उनके घर में तोड़फोड़ की गई।"
हस्तक्षेप
पर्यवेक्षकों और सुरक्षा बलों पर हस्तक्षेप का आरोप
मुख्यमंत्री ममता ने चुनाव में तैनात बाहरी पर्यवेक्षकों और सुरक्षाकर्मियों पर हस्तक्षेप का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, "बाहर से इतने सारे पर्यवेक्षक आए हैं। भाजपा जो कहती है, वही कर रही है। चारों ओर देखिए, हमारे सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं। क्या इसी तरह चुनाव होते हैं? वोट मतदाता डालेंगे, पुलिस या सुरक्षा बल नहीं। कुछ नए लोगों को हाल ही में लाया गया है और वे मनमानी कर रहे हैं। वे आतंकवाद फैला रहे हैं।"
दौरा
सुबह 8 बजे से शुरू किया दौरा
हर चुनाव में अपनी सामान्य प्रथा के विपरीत मुख्यमंत्री ममता सुबह 8 बजे से पहले ही घर से निकल गईं और दक्षिण कोलकाता के चेतला क्षेत्र के बूथों सहित निर्वाचन क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का दौरा किया। इससे पहले ममता हर चुनाव में दोपहर में अपने कालीघाट आवास से निकलती थीं और मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में अपना वोट डालती हैं। उन्होंने भाबानीपुर के चक्रबेरिया स्थित एक मतदान केंद्र के बाहर बैठकर मतदान प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया।
जवाब
सुवेंदु अधिकारी ने ममता पर निशाना साधा
भबानीपुर और नंदीग्राम से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यहां धारा 163 लागू है और ममता बनर्जी कई लोगों के साथ घूम रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ममता बनर्जी यहां क्यों घूम रही हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री गुंडों के साथ घूम रही हैं और मतदाताओं को डराने की कोशिश कर रही हैं, भाबनीपुर में मतदान प्रक्रिया के दौरान हिंदू मतदाताओं को धमकाया जा रहा था।