'टॉक्सिक' की रिलीज फिर टली, अब दुनियाभर में धमाका करने की तैयारी में यश
क्या है खबर?
'KGF' वाले यश के प्रशंसकों के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है। कन्नड़ सुपरस्टार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक' की रिलीज को फिलहाल टाल दिया गया है। पहले ये फिल्म मार्च, 2026 में रिलीज होने वाली थी। उसके बाद खबर आई कि फिल्म जून में रिलीज होगी और अब निर्माता इसे वैश्विक स्तर पर और भी भव्य तरीके से पेश करने की योजना बना रहे हैं। इस फिल्म की नई 'ग्लोबल रिलीज डेट' का आधिकारिक ऐलान जल्द ही किया जाएगा।
रिलीज
अब दुनियाभर में एक साथ रिलीज होगी फिल्म
यश ने घोषणा की है कि उनकी फिल्म 'टॉक्सिक: एक फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' की रिलीज को टाल दिया गया है। अब यह फिल्म पहले से तय तारीख, 4 जून को सिनेमाघरों में दस्तक नहीं देगी। जारी किए गए एक नए बयान में यश ने स्पष्ट किया कि फिल्म का काम पूरा हो चुका है, लेकिन अब इसे एक नई तारीख पर रिलीज किया जाएगा, ताकि इसे पूरी दुनिया में एक साथ बड़े स्तर पर सिनेमाघरों में उतारा जा सके।
योजना
अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और वैश्विक वितरण की तैयारी
बदलाव की वजह बताते हुए यश ने कहा कि सिनेमाकॉन में फिल्म को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया ने उनकी टीम के इस विश्वास को और मजबूत कर दिया है कि 'टॉक्सिक' को वैश्विक स्तर पर अपनी पूरी क्षमता के साथ पहुंचना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि निर्माता फिलहाल फिल्म के वैश्विक वितरण और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। यश ने भरोसा दिलाया कि फिल्म जल्द ही दुनियाभर के सिनेमाघरों में एक साथ दस्तक देगी।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए निर्माताओं का बयान
#Yash's MOST-ANTICIPATED #Toxic IS POSTPONED AGAIN...
— Rahul Raut (@Rahulrautwrites) April 29, 2026
The action thriller will not release on JUNE 4 as announced... New date is yet to be locked! pic.twitter.com/xTGF6oTWr1
वजह
यश ने बताया रिलीज तारीख बदलने का असली कारण
यश बाेले, "टॉक्सिक का काम पूरा हो चुका है। हम फिलहाल इसके वैश्विक वितरण और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को व्यवस्थित कर रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए हमने अपनी रिलीज की समय-सीमा को फिर से निर्धारित करने का निर्णय लिया है। ऐसे समय में जब भारतीय सिनेमा अपनी पहचान बना रहा है और इतनी उम्मीदों के साथ वैश्विक मंच पर कदम रख रहा है तो ये हमारी जिम्मेदारी बन जाती है कि हम फिल्म के स्तर को और ऊपर उठाएं।"
तुलना
ऑस्कर जीतने वाली फिल्म 'सिनर्स' को टक्कर देगी टॉक्सिक?
इससे पहले यश ने 'टॉक्सिक' की तुलना ऑस्कर विजेता फिल्म 'सिनर्स' से भी की थी। ये फिल्म राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गीतू मोहनदास के निर्देशन में बन रही है। KVN प्रोडक्शंस व मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स द्वारा निर्मित इस फिल्म में सितारों की लंबी फौज नजर आने वाली है। 'टॉक्सिक: ए फेरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।