अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की कोशिश में ईरान, खुफिया जानकारी में दावा
क्या है खबर?
अमेरिका की खुफिया एजेंसियों ने पता लगाया है कि ईरान मध्य पूर्व और अन्य हिस्सों में अमेरिकी राजनयिकों और अधिकारियों को निशाना बनाने की कोशिश में है। दावा किया गया है कि ईरान ने ऐसे प्रयासों में 'काफी वृद्धि' की है और ये कथित साजिशें 'उन्नत चरणों' तक पहुंच गई हैं। बढ़ते खतरे को देखते हुए अमेरिका ने मध्य पूर्व के कई अमेरिकी दूतावासों में कर्मचारियों की संख्या कम करने का फैसला लिया है।
रिपोर्ट
अमेरिकी खुफिया निदेशक के गुप्त मेमो से सामने आई जानकारी
एक्सियोस ने राष्ट्रीय खुफिया निदेशक जे क्लेटन के एक खुफिया मेमो के हवाले से ये जानकारी दी है। क्लेटन ने ये मेमो 23 अक्टूबर को विदेश मंत्री मार्को रुबियो को भेजा था।
इसमें कहा गया है, "विभिन्न माध्यमों से हमें खुफिया जानकारी मिली है कि ईरान ने अमेरिकी कर्मियों को निशाना बनाने के प्रयासों में काफी वृद्धि की है। ईरानियों द्वारा अमेरिकी नागरिकों के खिलाफ की जा रही साजिशें कुछ देशों में उन्नत चरणों में पहुंच चुकी हैं।"
दूतावास
अमेरिका ने दूतावासों से गैर-जरूरी कर्मचारी वापस बुलाए
इस हफ्ते अमेरिका ने गैर-जरूरी कर्मचारियों को सऊदी अरब के रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास और जेद्दा और धाहरान स्थित वाणिज्य दूतावासों को छोड़ने का आदेश दिया था।
एक्सियोस ने अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि बीते दिन संयुक्त अरब अमीरात (UAE), लेबनान, कतर और जॉर्डन स्थित दूतावासों में भी कटौती के आदेश दिए गए थे।
अधिकारियों ने ये भी चिंता जताई है कि यमन के हूती विद्रोही सऊदी अरब के अलावा अन्य देशों में भी हमले कर सकते हैं।