ईशान किशन की चोट के बाद भारतीय टीम में शामिल हुए विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी दाईं जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दूसरे मुकाबले के लिए कुमार कुशाग्र को उनके विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया है। कुशाग्र फिलहाल इंडिया-A की टीम के साथ न्यूजीलैंड में ही हैं। वह दूसरे टी-20 से पहले टीम से जुड़ेंगे। मेडिकल टीम ईशान पर नजर रख रही है।
चोट
चोट के कारण 5वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे ईशान
क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में किशन 5वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे।
भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव को लेकर के स्थिति स्पष्ट की थी।
रेवस्पोर्ट्ज के मुताबिक, कोटक ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, "असल में ईशान की ग्रोइन में खिंचाव था, इसलिए बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया गया था।"
पहले टी-20 में वह सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए थे।
टी-20
दूसरे टी-20 के लिए ऐसी है भारतीय टीम
दूसरे टी-20 के लिए भारत की संशोधित टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर)।
भारतीय टीम ने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने 226 रन का लक्ष्य 19.4 ओवर में सिर्फ 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया था।
आंकड़े
कुशाग्र के आंकड़ों पर एक नजर
कुशाग्र ने अब तक 33 टी-20 मैच खेले हैं। इसकी 31 पारियों में 27.76 की औसत से 694 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 145.18 की रही है।
उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 86 रन रहा है।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में इस खिलाड़ी को 5 मैच खेलने का मौका मिला है। इस दौरान उन्होंने 4 पारियों में 5.25 की औसत से सिर्फ 21 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 18 रन है।