जॉर्डन में चर्च में भीषण गोलीबारी, 7 की मौत और 30 से ज्यादा घायल
क्या है खबर?
जॉर्डन के कराक प्रांत में एक चर्च में गोलीबारी की भीषण घटना हुई है। इसमें 7 लोगों की मौत हो गई है और 34 घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि चर्च में अंतिम संस्कार के दौरान बंदूकधारियों ने लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। हमलावरों की संख्या 3 से 4 बताई जा रही है। सुरक्षाबलों ने बताया कि वे हमलावरों की तलाश में जुटे हैं और इलाके की घेराबंदी की गई है।
बयान
मिनटों तक गोलीबारी करते रहे हमलावर
अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले खालिद बुरकान ने सरकारी टेलीविजन चैनल अल-ममलका को बताया कि अंतिम संस्कार में दर्जनों लोग शामिल थे और कम से कम 2 लोगों ने कई मिनट तक गोलियां चलाईं।
बुरकान ने कहा कि एक हमलावर के पास राइफल थी और दूसरे के पास पिस्तौल थी।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 3 लोगों को फुटपाथ से गोली चलाते और पेड़ों और दीवार के पीछे छिपते हुए देखा जा सकता है।
राजा
किंग अब्दुल्ला बोले- अपराधियों को सख्त सजा मिलेगी
जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला ने कहा कि हमले के पीछे जो लोग हैं उन्हें कठोर दंड दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, "कारक पर हुए आतंकवादी हमले का करारा जवाब दिया जाएगा। जो लोग यह सोचकर भ्रमित हैं कि वे अपनी गोलियों से जॉर्डनवासियों को बांट सकते हैं, हमारी एकता के सामने उनकी कोई संभावना नहीं है।"
उन्होंने मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।