LOADING...
इस्लामाबाद में आज अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत, दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचे; जानें ताजा घटनाक्रम
ईरानी संसद स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ के नेतृत्व में ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच चुका है

इस्लामाबाद में आज अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत, दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचे; जानें ताजा घटनाक्रम

लेखन आबिद खान
Apr 11, 2026
11:16 am

क्या है खबर?

अमेरिका से युद्धविराम पर बातचीत के लिए ईरान का एक प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंच चुका है। इसमें 71 सदस्य हैं, जिनका नेतृत्व संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ कर रहे हैं। इसके अलावा टीम में विशेषज्ञ सलाहकार, मीडिया प्रतिनिधि, राजनयिक और सुरक्षा अधिकारी भी शामिल हैं। वहीं, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भी इस्लामाबाद पहुंच गया है। ईरान-अमेरिका के बीच होने वाली इस बातचीत पर दुनियाभर की नजर है।

बयान

वार्ता से पहले ट्रंप ने दी ईरान को धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'ईरानियों को शायद यह एहसास नहीं है कि उनके पास अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का इस्तेमाल करके दुनिया से थोड़े समय के लिए जबरदस्ती वसूली करने के अलावा कोई और दांव नहीं है। आज वे सिर्फ इसलिए जिंदा हैं ताकि बातचीत कर सकें!' वहीं, वेंस ने कहा, "अगर ईरान ईमानदारी से बात करेगा, तो अमेरिका भी दोस्ती का हाथ बढ़ाएगा। लेकिन अगर ईरान ने चालबाजी की, तो उसे कड़ा जवाब मिलेगा।"

ईरान का बयान

ईरान बोला- अमेरिका पर भरोसा नहीं

ईरान के शीर्ष वार्ताकार गालिबाफ ने अमेरिका को लेकर कहा कि उन्हें शांति की उम्मीद है, लेकिन भरोसा नहीं। गालिबाफ ने कहा, "हमारे पास अच्छी नीयत है, लेकिन हम भरोसा नहीं करते। अगर अमेरिका सच में एक ईमानदार समझौते के लिए तैयार है, तो ईरान भी तैयार हो सकता है।" गालिबाफ ने आरोप लगाया कि पहले अमेरिका के साथ बातचीत का अनुभव अच्छा नहीं रहा और अक्सर समझौते टूटे हैं।

Advertisement

प्रतिनिधिमंडल

दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन शामिल?

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में उपराष्ट्रपति वेंस के अलावा विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर और सैन्य अधिकारी ब्रैड कूपर शामिल हैं। ईरानी प्रतिनिधिमंडल में संसद अध्यक्ष गालिबाफ, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची, सर्वोच्च राष्ट्रीय रक्षा परिषद के सचिव अली अकबर अहमदीन, उप विदेश मंत्री मजीद तख्त खांची, केंद्रीय बैंक के गवर्नर, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता, अब्दोलनसेर हेममती और पूर्व IRGC कमांडर मोहम्मद बगेर जोलघाद्र समेत 71 लोग हैं।

Advertisement

इस्लामाबाद

इस्लामाबाद में लॉकडाउन जैसे हालात

वार्ता से पहले पूरे इस्लामाबाद को छावनी में बदल दिया गया है। स्कूल और बाजार बंद हैं और शहर में 2 दिन के लिए सरकारी छुट्टी घोषित की गई है। इस्लामाबाद में जहां राष्ट्रपति आवास, प्रधानमंत्री आवास, संसद और अन्य देशों के दूतावास हैं, उस पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल के आने-जाने, रुकने और बैठक के दौरान ब्लू बुक के तहत VVIP प्रोटोकॉल लागू किया गया है।

मुद्दे

किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, चर्चा में ईरान का परमाणु कार्यक्रम और बैलेस्टिक मिसाइल कार्यक्रम, होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और ईरान पर से प्रतिबंध हटाने के मुद्दे शामिल हैं। अमेरिका का कहना है कि ईरान में कोई यूरेनियम संवर्धन नहीं होगा। होर्मुज जलडमरूमध्य को निर्बाध आवागमन के लिए खोलना होगा, जबकि ईरान यहां जहाजों से टोल वसूलने की योजना बना रहा है। ईरान ने सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध हटाने और फ्रीज की गई संपत्तियों को वापस करने की मांग की है।

Advertisement