LOADING...
ईरान ने अमेरिका से बातचीत से इनकार किया, कहा- लेबनान में हमले रुकने तक समझौता नहीं
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ईरान ने अमेरिका संग बातचीत से इनकार कर दिया है

ईरान ने अमेरिका से बातचीत से इनकार किया, कहा- लेबनान में हमले रुकने तक समझौता नहीं

लेखन आबिद खान
Apr 10, 2026
02:56 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान के इस्लामाबाद में कल होने जा रही अमेरिका और ईरान की शांति वार्ता को लेकर संशय की स्थिति है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ईरान ने बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है। ईरान का कहना है कि जब तक लेबनान में युद्धविराम लागू नहीं किया जाता, वो कोई भी समझौता नहीं करेगा। तसनीम समाचार एजेंसी के मुताबिक, जब तक अमेरिका लेबनान युद्धविराम पर अपनी प्रतिबद्धता पूरी नहीं करता, तब तक बातचीत निलंबित रहेगी।

रिपोर्ट

रिपोर्ट में दावा- ईरान वार्ता में नहीं होगा शामिल

जेरूसलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता तब तक के लिए स्थगित कर दी गई है, जब तक वाशिंगटन इजरायल और लेबनान के बीच युद्धविराम सुनिश्चित नहीं कर देता। वहीं, ईरान की फार्स न्यूज के अनुसार, "जब तक लेबनान में युद्धविराम नहीं हो जाता, ईरान की इस्लामाबाद में अमेरिकी पक्ष के साथ शांति वार्ता में भाग लेने की कोई योजना नहीं है।"

बयान

ईरान बोला- प्रतिनिधिमंडल को इस्लामाबाद भेजने की खबरें झूठीं

ईरान ने उन खबरों को भी खारिज कर दिया है, जिसमें ईरानी प्रतिनिधिमंडल के इस्लामाबाद पहुंचने का दावा किया गया था। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, तेहरान ने कहा है कि इस स्तर पर अमेरिका के साथ बातचीत करने की उसकी कोई योजना नहीं है। एजेंसी ने कहा, "वॉल स्ट्रीट जर्नल ने एक रिपोर्ट में दावा किया था कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंच चुका है, जो कि गलत है।"

Advertisement

पाकिस्तान

पाकिस्तान में कल होनी है शांति वार्ता

अमेरिका और ईरान के बीच कल इस्लामाबाद में शांति वार्ता होनी है। इसके लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच चुका है, जिसका प्रतिनिधित्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कर रहे हैं। उनके साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर और सैन्य अधिकारी ब्रैड कूपर भी हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। विदेश मंत्री अब्बास अराघची और उप विदेश मंत्री मजीद तख्त खांची के भी शामिल होने की खबर है।

Advertisement

वार्ता

अमेरिका में होगी इजरायल-लेबनान के बीच वार्ता

अमेरिकी विदेश विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अमेरिका अगले हफ्ते वाशिंगटन में इजरायल और लेबनान के बीच वार्ता की मेजबानी करेगा। अधिकारी ने कहा, "हम इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि विभाग अगले हफ्ते इजरायल और लेबनान के साथ चल रही युद्धविराम वार्ता पर चर्चा करने के लिए एक बैठक आयोजित करेगा।" यह घटनाक्रम इजरायल द्वारा लेबनान पर हमलों के बीच सामने आया है, जिसने युद्धविराम को खतरे में डाल दिया है।

Advertisement