ईरानी विदेश मंत्री अराघची से राष्ट्रपति पेजेश्कियन और स्पीकर गलिबाफ नाराज, बर्खास्त करने का दबाव बढ़ा
क्या है खबर?
अमेरिका के साथ शांति वार्ता ठप होने के बाद ईरान के अंदरखाने भी तनाव बढ़ने लगा है। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर गालिबफ विदेश मंत्री अब्बास अराघची को हटाने के लिए दबाव बना रहे हैं। अराघची पर आरोप है कि उन्होंने राष्ट्रपति पद को दरकिनार करते हुए वाशिंगटन के साथ बातचीत के दौरान इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के निर्देशों का पालन किया।
तनाव
IRGC कमांडर के सहायक की भूमिका में दिखे अराघची
रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति पेजेश्कियन और गालिबफ का कहना है कि अराघची ने हाल के हफ्तों में कैबिनेट मंत्री के रूप में सरकारी नीति लागू करने के बजाय IRGC कमांडर अहमद वाहिदी के सहायक के रूप में काम किया है। आरोप है कि अराघची ने पेजेश्कियन को सूचित किए बिना, वाहिदी के साथ पूर्ण समन्वय में और उनके निर्देशों के आधार पर काम करके नियमों का उल्लंघन किया है। इससे ईरानी नेतृत्व में असंतुष्टि का माहौल पैदा हुआ है।
बर्खास्त
परमाणु वार्ता पर स्थिति स्पष्ट न करने से नाराजगी
ब्रिटेन स्थित एजेंसी को 2 सूत्रों ने बताया कि अराघची पिछले दिनों अमेरिकी अधिकारियों के साथ परमाणु वार्ता में हो रहे घटनाक्रमों के बारे में पेजेश्कियन को सूचित करने में विफल रहे थे। स्थिति से नाराज ईरानी राष्ट्रपति ने अपने करीबी सहयोगियों से कहा है कि अगर यह सिलसिला जारी रहा तो वे विदेश मंत्री को बर्खास्त कर सकते हैं। ईरान के स्थानीय मीडिया और अधिकारियों ने अभी इस नए घटनाक्रम को लेकर कोई पुष्टि नहीं की है।