अमेरिका का मानना- ईरान के पास अभी भी करीब 2,500 बैलिस्टिक मिसाइलें
क्या है खबर?
ईरान की मिसाइल भंडार क्षमता को लेकर अलग-अलग आंकड़े आते रहे हैं। अमेरिका-इजरायल के साथ महीनों चले युद्ध के बाद आसार जताए जा रहे थे कि ईरान का मिसाइल भंडार अब कम हो गया होगा। हालांकि, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि ईरान के पास अभी भी 1,500 से लेकर 2,500 तक मिसाइलें तैयार हैं। एजेंसियों का अनुमान है कि दोबारा युद्ध की स्थिति में ईरान फिर से अमेरिका और सहयोगियों को निशाना बना सकता है।
रिपोर्ट
इजरायल का भी यही अनुमान
वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के हवाले से कहा कि ईरान के पास अभी भी मिसाइलों का बड़ा भंडार है। इजरायली सैन्य अधिकारियों ने भी अनुमान लगाया है कि ईरान के पास 1,500 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें हैं।
हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि यह अनुमान अनिश्चित है, क्योंकि यह जानना मुश्किल है कि ईरान के पास कितने मिसाइल प्रक्षेपण के लिए तैयार हैं और कितने भंडार में रखे हैं।
भंडार
ईरान ने युद्ध के पहले के भंडार की आधी भरपाई कर ली- रिपोर्ट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान खाड़ी मामलों की उप सहायक रक्षा सचिव सिमोन लेडीन ने कहा, "1,500 मिसाइलों का न्यूनतम अनुमान यह दर्शाता है कि ईरान ने युद्ध से पहले के अनुमानित भंडार के आधे से ज्यादा की भरपाई कर ली है। ईरान ने जून 2025 में शुरू हुए 12 दिवसीय युद्ध और फरवरी में शुरू हुए मौजूदा युद्ध के बीच अपने शस्त्रागार का पूरी तरह से पुनर्निर्माण कर लिया है।"