ईरान बोला- पायलट के बचाव अभियान में जुटे 4 विमान-हेलीकॉप्टर नष्ट किए, 5 लोग मारे गए
क्या है खबर?
ईरान ने कहा है कि उसने अमेरिका के दुर्घटनाग्रस्त F-15E विमान के पायलट को बचाने में जुटे कई अमेरिकी विमानों को नष्ट कर दिया है। इनमें 2 C-130 विमान और 2 ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर शामिल हैं। ईरानी सशस्त्र बलों की एकीकृत कमान, खतम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता के अनुसार, ईरानी बलों ने दक्षिणी इस्फहान में 2 C-130 सैन्य विमानों के साथ-साथ अमेरिका के 2 ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों को भी नष्ट कर दिया है।
मृत्यु
अभियान में 5 लोग मारे गए- ईरान
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के दावों के अनुसार, ईरान में दुर्घटनाग्रस्त लड़ाकू विमान के पायलट को बचाने के लिए चलाए गए अमेरिकी अभियान में कम से कम 5 लोग मारे गए हैं। गार्ड्स ने यह भी बताया कि झड़पों में कई 'उड़ने वाली वस्तुएं' नष्ट हो गईं, जिनमें मिशन में शामिल एक परिवहन विमान भी शामिल है। ईरानी सेना ने कथित तौर पर एक इजरायली ड्रोन को भी मार गिराया है।
वीडियो
ईरान बोला- ये अमेरिका के लिए बड़ा झटका
ईरानी अधिकारियों ने इस घटनाक्रम को अमेरिकी अभियान के लिए एक बड़ा झटका बताया है। ईरान की फार्स समाचार एजेंसी ने अपने टेलीग्राम चैनल पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें खेत से घना धुआं उठता दिख रहा था। एजेंसी ने इसे ट्रंप द्वारा अपनी भारी हार को छिपाने का हताश प्रयास बताया। रिपोर्ट में कहा गया है कि विमान कोहगिलुयेह प्रांत के देहदाश्त के पास गिराया गया, जहां पिछले 2 दिनों में हमले हुए हैं।
ट्रंप का दावा
ट्रंप बोले- अभियान में कोई नुकसान नहीं हुआ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'सैन्य इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि 2 अमेरिकी पायलटों को दुश्मन के इलाके से अलग-अलग अभियानों में बचाया गया है। हम कभी भी किसी अमेरिकी योद्धा को नहीं छोड़ेंगे! हम इन दोनों अभियानों को बिना किसी अमेरिकी सैनिक के मारे जाने या घायल हुए बिना सफलतापूर्वक पूरा कर पाए। यह एक बार फिर साबित करता है कि हमने ईरान के आसमान पर जबरदस्त हवाई वर्चस्व और श्रेष्ठता हासिल कर ली है।'
पिछली घटना
ईरान ने 2 दिन पहले गिराए थे F-15E और A-10 विमान
ईरान ने 2 दिन पहले अमेरिका का F-15E और A-10 विमान मार गिराया था। A-10 विमान का पायलट कुवैती क्षेत्र में कूदा था, जिसे बाद में बचा लिया गया था। वहीं, F-15E विमान का पायलट ईरान में गिरा था, जिसे फौरन बचा लिया गया था। हालांकि, एक दूसरा पायलट करीब 36 घंटे से लापता था, जिसे आज दोपहर ढूंढ लिया गया। ट्रंप ने कहा कि इस अभियान में दर्जनों विमान और सैकड़ों बल शामिल थे।