LOADING...
खामेनेई के अंतिम संस्कार में 2 करोड़ लोग जुटेंगे, 10,000 सुरक्षाकर्मी तैनात; कौन-कौन शामिल होगा?
आयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्में 9 जुलाई तक चलेंगी

खामेनेई के अंतिम संस्कार में 2 करोड़ लोग जुटेंगे, 10,000 सुरक्षाकर्मी तैनात; कौन-कौन शामिल होगा?

लेखन आबिद खान
Jul 03, 2026
07:19 pm

क्या है खबर?

ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्में शुरू हो गई हैं। आज ईरानी झंडे से लिपटे ताबूत में खामेनेई और उनके परिवार के 3 सदस्यों के शव 'ग्रैंड मोसाल्ला' में ले जाए गए। खामेनेई का अंतिम संस्कार कार्यक्रम 9 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान ईरान के साथ-साथ इराक में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। अनुमान है कि 2 करोड़ लोग अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।

लोग

6 जुलाई को पूरे ईरान में सार्वजनिक अवकाश

ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के वरिष्ठ कमांडर ब्रिगेडियर जनरल हसन हसनजादेह ने कहा कि अंतिम संस्कार में 1.5 करोड़ लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, यह संख्या 2 करोड़ तक पहुंच सकती है। अगर ऐसा हुआ तो ये आधुनिक इतिहास का सबसे बड़ा अंतिम संस्कार कार्यक्रम बन सकता है। आयोजन को देखते हुए 4 और 5 जुलाई को तेहरान में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, 6 जुलाई को पूरे देश में छुट्टी रहेगी।

सुरक्षा

10,000 से ज्यादा जवान सुरक्षा में तैनात

सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरामिनिया ने कहा कि सुरक्षा के लिए 10,000 से ज्यादा जवानों और 10 सैन्य अस्पतालों को तैनात किया गया है। 1.5 लाख पुलिसकर्मी भी अलर्ट पर रखे गए हैं। 6 जुलाई को तेहरान और 9 जुलाई को मशहद का हवाई क्षेत्र बंद रहेगा। IRGC ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में देश को निशाना बनाने की किसी भी कोशिश का पहले से कहीं ज्यादा कड़ा जवाब दिया जाएगा।

Advertisement

भारत

भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने दी श्रद्धांजलि

आज भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने भी खामेनेई को श्रद्धांजलि दी। बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा भारत सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ईरान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण भेजा था, लेकिन वे नहीं गए। कांग्रेस की ओर से सलमान खुर्शीद कार्यक्रम में शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती भी तेहरान पहुंची हैं। इसके अलावा धर्मगुरुओं का एक प्रतिनिधिमंडल भी खामेनेई के लिए प्रार्थना और दुआ करता नजर आया।

Advertisement

पाकिस्तान

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख भी ईरान पहुंचे

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असिम मुनीर ने खामेनेई को श्रद्धांजलि दी। तेहरान पहुंचने पर असिम का ईरान के रक्षा मंत्री माजिद इब्न रजा और गृह मंत्री इस्कंदर मोमेनी ने स्वागत किया। पाकिस्तान के गृह मंत्री सैयद मोहसिन नकवी भी ईरान पहुंचे हैं। बता दें कि पाकिस्तान ने ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच युद्धविराम में अहम मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। युद्धविराम वार्ता का पहला दौर भी पाकिस्तान में हुआ था।

देश

100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

ईरानी सरकारी समाचार प्रसारक IRIB के अनुसार, अंतिम संस्कार में 100 देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वरिष्ठ सांसद हे वेई अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। वहीं, रूस ने सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव को ईरान भेजा है। इसके अलावा जॉर्जिया, क्यूबा, अर्मेनिया, इराक, उज्बेकिस्तान, ताजिकिस्तान और जॉर्जिया ने प्रतिनिधि भेजे हैं। लेबनान से नसरल्लाह का परिवार और 'रेजिस्टेंट फ्रंट' के नेता भी तेहरान पहुंचे हैं।

Advertisement