LOADING...
सलमान खान फायरिंग केस में अनमोल बिश्नोई का बड़ा दांव, कोर्ट से लगाई आत्मसमर्पण की गुहार
सलमान खान केस, तिहाड़ में बंद अनमोल बिश्नोई का बड़ा फैसला

सलमान खान फायरिंग केस में अनमोल बिश्नोई का बड़ा दांव, कोर्ट से लगाई आत्मसमर्पण की गुहार

Jul 03, 2026
10:43 am

क्या है खबर?

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई और अभिनेता सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई फायरिंग के मामले में आरोपी अनमोल बिश्नोई ने मुंबई की विशेष मकोका अदालत का दरवाजा खटखटाया है। अनमोल ने अदालत से निष्पक्ष सुनवाई की मांग करते हुए आत्मसमर्पण करने की इच्छा जताई है। फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद अनमोल ने अपने वकील के जरिए कोर्ट में अर्जी दाखिल कर खुद को मुंबई पुलिस की हिरासत में सौंपने की गुहार लगाई है।

अर्जी

निष्पक्ष सुनवाई की दुहाई

जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने अप्रैल 2024 में सलमान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में मुंबई की विशेष MCOCA अदालत में सरेंडर की अनुमति मांगी है। अपनी अर्जी में उसने कहा है कि वह स्वेच्छा से अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर मामले की सुनवाई का सामना करना चाहता है। साथ ही निष्पक्ष सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया में भाग लेने की इच्छा भी जताई है।

सख्ती

जज ने सरकारी वकील से मांगा जवाब

नवंबर 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद अनमोल बिश्नोई फिलहाल नई दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। भारत आते ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़े कथित आतंकवादी-गैंगस्टर गठजोड़ के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया था। 2 जुलाई को विशेष न्यायाधीश एस आर नवेंदर ने सरकारी वकील को निर्देश जारी करते हुए अनमोल बिश्नोई की इस सरेंडर अर्जी पर अपना जवाब दाखिल करने को कहा है।

Advertisement

मंजूरी

अनमोल ने मकोका कोर्ट से मांगी प्रोडक्शन वारंट की मंजूरी

अर्जी में अनमोल ने कहा कि वो फिलहाल एक NIA मामले में न्यायिक हिरासत में है, जिसके चलते अदालत के आदेश के बिना वो मुंबई की विशेष MCOCA कोर्ट में पेश नहीं हो सकता, इसलिए उसने तिहाड़ जेल प्रशासन के नाम प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग की है। उसका कहना है कि इससे उसका सरेंडर औपचारिक रूप से दर्ज हो सकेगा और आगे की रिमांड प्रक्रिया कोर्ट में पेश होकर या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पूरी की जा सकेगी।

Advertisement

दलील

सरेंडर से तेज होगी कानूनी प्रक्रिया

अर्जी में कहा गया है कि अनमोल के आत्मसमर्पण से कानूनी प्रक्रिया तेज होगी और मुकदमे में अनावश्यक देरी नहीं होगी। सलमान के घर के बाहर फायरिंग मामले का ट्रायल जारी है। अनमोल की गैर-मौजूदगी में अभियोजन पक्ष के 3 गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं। मामला 14 अप्रैल, 2024 को बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई फायरिंग से जुड़ा है, जिसे मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग की साजिश मानते हुए MCOCA के तहत दर्ज किया था।

Advertisement