LOADING...
अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे बिहार के राज्यपाल और विदेश राज्य मंत्री
अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे बिहार के राज्यपाल और विदेश राज्य मंत्री

अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे बिहार के राज्यपाल और विदेश राज्य मंत्री

लेखन गजेंद्र
Jun 29, 2026
03:45 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 2 नामों का चयन किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के औपचारिक बुलावे पर बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके साथ विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी होंगे। हालांकि, अभी केंद्र सरकार की ओर से औपचारिक ऐलान होना बाकी है।

बुलावा

ईरानी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को भेजा है बुलावा

पिछले दिनों ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अंतिम संस्कार में शामिल होने का बुलावा भेजा था। अली खामेनेई का अंतिम संस्कार कार्यक्रम 4 जुलाई से शुरू होगा और 9 जुलाई को खामेनेई के गृह नगर मशहद में उनको दफनाने के साथ समाप्त होगा। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने पहले से ही लगभग इन्हीं तारीखों के आसपास एक बड़े बहुराष्ट्रीय दौरे की योजना बना रखी है, जिसकी वजह से वह समारोह में शामिल नहीं होंगे।

हत्या

28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल हमले में हुई थी हत्या

अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को संयुक्त रूप से ईरान पर हमले शुरू किए थे, जिसमें पहले ही दिन अली खामेनई की परिवार के अन्य सदस्यों समेत मिसाइल हमले में मौत हो गई थी। उनको पहले मार्च में दफनाने का कार्यक्रम था, लेकिन युद्ध के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था, जो अप्रैल में युद्धविराम के साथ ही समाप्त हुआ। इस्लाम में मृतकों को यथाशीघ्र दफनाने का रिवाज है, हालांकि कुछ अपवादों को छोड़कर।

Advertisement

जानकारी

2 करोड़ लोगों के शामिल होने की संभावना

अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में तेहरान, मशहद और कोम में लगभग 2 करोड़ लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, अफगानिस्तान के नेता समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में मौजूदा सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई दिख सकते हैं।

Advertisement