नेपाल में 6 भारतीय ट्रैकर्स लापता: चक्रवात 'अर्नब' और जानलेवा बर्फबारी के बीच चेतावनियां हुई नजरअंदाज
नेपाल में शे-फोक्सुंडो झील की ट्रेकिंग पर गए 6 भारतीय ट्रैकर्स लापता हो गए हैं। इनमें 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। नुमला और बागला दर्रों के पास वे भारी बर्फबारी की चपेट में आ गए, जिसके बाद उनका पता नहीं चल रहा है। स्थानीय गाइडों का कहना है कि चक्रवात 'अर्नब' ने हालात को और मुश्किल बना दिया है।
डोलपा के अधिकारी बोले- ट्रैकर्स ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया
बचाव दल लापता ट्रैकर्स को ढूंढने में लगे हैं, लेकिन भारी बर्फबारी और मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण काम में देरी हो रही है। डोलपा के मुख्य जिला अधिकारी ने जानकारी दी कि इस दल ने ट्रेक से बचने की चेतावनियों को अनसुना कर दिया था। उन्होंने बताया, "स्थानीय लोगों ने उन्हें खराब मौसम और पहाड़ी हालात के बारे में चेतावनी दी थी, फिर भी वे अपनी यात्रा पर आगे बढ़ते रहे।" नेपाली सेना भी मौके पर है और हेलीकॉप्टर से तलाशी अभियान चलाने का आग्रह किया गया है। प्रशासन दूसरे ट्रैकर्स से लगातार अपील कर रहा है कि वे सुरक्षित रहें और खराब मौसम में खतरनाक रास्तों पर जाने से बचें।