नए वायु सेना प्रमुख ने पहले संबोधन में दिया 'VAYU' मंत्र, गिनाई प्राथमिकता
क्या है खबर?
एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कल नए वायु सेना प्रमुख का पद संभाला था। आज परेड ग्राउंड में सलामी लेने के बाद उन्होंने अपने पहले सार्वजनिक संबोधन में 'VAYU' दृष्टिकोण के तहत वायु सेना के लिए अपनी प्राथमिकताओं की रूपरेखा पेश की। उन्होंने कहा, "हमारी सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां अभी भी गंभीर बनी हुई हैं। ड्रोन और लंबी दूरी तक सटीक हमला करने वाले हथियारों जैसी नई तकनीकों और प्रणालियों से युद्ध का स्वरूप बदल रहा है।"
VAYU
एयर चीफ मार्शल ने बताया VAYU का मतलब
एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने कहा, "हमारी प्राथमिकताओं को एक शब्द VAYU में समेटा जा सकता है। V का मतलब विजिलेंस, विक्ट्री और रेडीनेस (सतर्कता, जीत और तत्परता) है। हर स्क्वाड्रन, हर रडार, हर एयर डिफेंस यूनिट और हर जवान को किसी भी समय जवाब देने के लिए तैयार रहना होगा। A का मतलब आत्मनिर्भरता है। तेजस Mk-1A और Mk-2, AMCA, भारतीय सेंसर और स्वदेशी हथियार हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकताएं हैं। हम भारतीय तकनीक और समाधानों के दम पर लड़ेंगे।"
Y का मतलब
दीक्षित बोले- सामूहिक प्रयास और नवाचार प्राथमिकता
दीक्षित ने आगे कहा, "Y का मतलब युक्ति है। यानी हमारी सोच, विचार रणनीति और तकनीक में नवाचार। AI-आधारित कमान एवं नियंत्रण प्रणाली, ड्रोन के खिलाफ कई स्तरों वाली रक्षा व्यवस्था, रखरखाव की सुविधा, सैन्य ठिकानों की सुरक्षा और अंतरिक्ष के निकटवर्ती क्षेत्र का वायुसेना के अभियानों में इस्तेमाल ऐसे क्षेत्र हैं, जिनकी लगातार समीक्षा की जाएगी। U का मतलब सामूहिक प्रयास और एकजुटता है। हम थलसेना, नौसेना और एजेंसियों के साथ मिलकर योजना बनाएंगे और एकजुट होकर काम करेंगे।"