पूर्व बल्लेबाज ने उजागर की श्रेयस अय्यर की कप्तानी की बड़ी कमजोरी, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने चौथे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के हाथों मिली करारी हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी और रणनीति की तीखी आलोचना की है। ऑकलैंड में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ 20 ओवर में 259 रनों का विशाल पहाड़ खड़ा कर दिया था, जिसके बाद कैफ ने अय्यर के गेंदबाजों के रोटेशन और रणनीतिक सूझबूझ पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
बयान
कैफ ने क्या दिया बयान?
कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "श्रेयस अय्यर के गेंदबाजों के बदलाव और रणनीति में थोड़ी कमी रही है। मैं यह बात सिर्फ एक हार के बाद नहीं कह रहा हूं। यह वही पुराना पैटर्न है।"
उन्होंने कहा, "जब वह IPL 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) की कप्तानी कर रहे थे, तब उनकी टीम ने 9 बार 200 से अधिक रन लुटाए थे। यह एक बहुत बड़ी संख्या है और इस विभाग में काफी काम करने की जरूरत है।"
रणनीति
कैफ ने डेथ ओवर्स की खराब रणनीति का किया खुलासा
कैफ ने मैच की रणनीतिक गलती को समझाते हुए कहा, "श्रेयस को चीजें सीखनी होंगी। नितीश रेड्डी आपके मुख्य गेंदबाज नहीं हैं। जब आखिरी के 5 ओवर बचे थे, तब अर्शदीप सिंह और मयंक यादव के पास केवल 1-1 ओवर ही बचा था। आप नितीश को 20वां ओवर नहीं सौंप सकते।"
उन्होंने कहा, "आपको उन्हें मध्य ओवर्स में एडजस्ट करना होगा। वह आपके 5वें या छठे गेंदबाज हैं, कोई विकेट लेने वाले मुख्य गेंदबाज नहीं हैं।"
जानकारी
कैफ ने गेंदबाजी कोच पर भी साधा निशाना
कैफ ने कहा, "मैं गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल से पूछना चाहता हूं कि आखिर चल क्या रहा है? यह जवाब देने की जिम्मेदारी गेंदबाजी कोच की भी है। मैदान पर जो होता है, उसके लिए गेंदबाजी कोच और कप्तान दोनों जिम्मेदार होते हैं।"
चिंता
आंकड़े बढ़ा रहे हैं चिंता
कैफ की इस चिंता को हालिया आंकड़े भी सही ठहराते हैं।
वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पिछले 9 टी-20 मैचों में भारतीय टीम ने 5 बार 200 से अधिक का स्कोर खाया है, जिसमें 2 बार विपक्षी टीम ने 250 का आंकड़ा भी पार किया है।
IPL 2026 में भी श्रेयस की कप्तानी वाली PBKS गेंदबाजों द्वारा लगातार अधिक रन लुटाने के कारण आखिरकार प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई थी।