Loading...
हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के तेल संयंत्र पर हमला किया
हूती विद्रोहियों ने रियाद के तेल संयंत्र पर हमला किया

हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के तेल संयंत्र पर हमला किया

लेखन आबिद खान
Oct 04, 2026
09:40 am

क्या है खबर?

यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के पास एक तेल संयंत्र पर हमला किया है। घटना के बाद रियाद के दक्षिण में स्थित अरामको तेल संयंत्र से आग की लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया। हूतियों ने कहा कि यह हमला यमन की राजधानी सना और दूसरे इलाकों पर सऊदी अरब के हमलों का जवाब है। हालांकि, सऊदी अधिकारियों ने अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

हमला

हूती बोले- हमले के बाद तेल संयंत्र में आग लगी

हूथी सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा कि उन्होंने बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से रियाद के तेल संयंत्र को निशाना बनाया। उन्होंने दावा किया कि हमले का उद्देश्य पूरा हो गया है और 'सीधे हमलों' से लक्षित ठिकानों पर आग लग गई।

समाचार एजेंसी AFP ने बताया कि उसके पत्रकार ने रियाद के दक्षिण में स्थित अरामको की रिफाइनरी में लगी आग को बुझाने की कोशिश करते हुए दमकलकर्मियों को देखा। एंबुलेंस और पुलिस वाहन भी आसपास थे।

यमन

हूतियों ने सऊदी पर यमन में हमले का आरोप लगाया

हूती समर्थक अल-मसीरा टीवी ने बताया कि 'सऊदी दुश्मन के विमानों' ने यमन की राजधानी सना पर 26 हमले किए। रिपोर्टों में उत्तर पश्चिमी प्रांत सादा में दूरसंचार नेटवर्क पर मिसाइल हमलों की जानकारी दी गई है, जिसे हूतियों का प्रमुख गढ़ माना जाता है।

सना में मौजूद AFP के 2 संवाददाताओं ने बताया कि उन्होंने जोरदार धमाकों की आवाज सुनी और युद्धक विमानों को शहर पर मिसाइलें दागते देखा।

ADVERTISEMENT