हूती विद्रोहियों का बड़ा हमला; यमन के 58 सैनिकों की मौत, सऊदी अरब में 11 घायल
क्या है खबर?
हूती विद्रोहियों ने यमन और सऊदी अरब में एक साथ कई हमले किए हैं। यमन में हूतियों ने हद्रामौत और मारिब प्रांतों में सैन्य ठिकानों को बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया है, जिसमें 58 सैनिक मारे गए और दर्जनों घायल हो गए। वहीं, सऊदी अरब में हुए हमले में 11 आम लोग घायल हुए हैं। इनमें 7 लोग सऊदी अरब के, एक यमन, 2 मिस्र और एक पाकिस्तानी शामिल हैं।
यमन
हूतियों ने यमन में 8 मिसाइलें दागीं
अल जजीरा के मुताबिक, हूतियों ने मारिब के उत्तर में स्थित अल-जॉफ प्रांत से 8 मिसाइलें दागीं, जिनका निशाना हद्रामौत के अल-थिनिया और अल-अब्र और मारिब के अल-रौक थे।
यह हमला भारतीय समयानुसार गुरुवार की शाम 4:30 बजे हुआ, जिसमें हद्रामौत में कई सरकारी सैन्य टुकड़ियों, होमलैंड शील्ड फोर्सेज, आपातकालीन बलों और सैन्य शिविरों को निशाना बनाया गया।
ये 2022 के बाद से यमन पर हुआ सबसे भीषण हमला है।
सऊदी अरब
सऊदी में 4 वर्षीय बच्चा घायल, नजरान में भीषण आग
सऊदी अरब के नजरान क्षेत्र में हुए हमले में 4 साल के बच्चे समेत 11 नागरिक घायल हुए हैं। हमलों के बाद नजरान के कई हिस्सों में आग लग गई। लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। माना जा रहा है कि मिसाइल हमले के चलते ही ये आग लगी है।
सऊदी-नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने कहा गठबंधन नागरिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाना जारी रखेगा।
हूती
हमलों को लेकर हूती विद्रोहियों ने क्या कहा?
हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा कि विद्रोहियों ने सऊदी अरब के समर्थन से कथित तौर पर की जा रही सैन्य तैयारी के जवाब में बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों से सरकारी ठिकानों पर हमला किया।
वहीं, हूतियों ने नजरान हवाई अड्डे पर हुए हमले की भी जिम्मेदारी ली है।
यमन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस हमले का जवाब सही समय और सही जगह पर दिया जाएगा।
अमेरिका
अमेरिका ने जताई संवेदना
यमन स्थित अमेरिकी दूतावास ने इन हमलों को 'कायरतापूर्ण' बताया। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अमेरिकी दूतावास ने आज शहीद हुए बहादुर यमनी सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
दूतावास ने कहा, 'ये हमले यमन के लोगों के खिलाफ आतंकवाद का एक और उदाहरण पेश करते हैं।'
इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर सऊदी दौरे पर हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग समझौता है।