अमेरिका की हार्वर्ड विश्वविद्यालय की एक नई रिसर्च में सामने आया है कि जिन स्कूलों में सेलफोन प्रतिबंधित था, वहां के छात्रों की पढ़ाई में इतनी बढ़ोत्तरी हुई, जितनी उन्हें साल में एक या दो हफ्ते ज्यादा क्लास करने से मिलती है।
रिसर्च में कहा गया है कि अगर स्कूल में मोबाइल फोन पर पाबंदी लगाई जाती है तो शायद बच्चा ज्यादा बेहतर तरीके से पढ़ पाएं।
शिक्षकों और अभिभावकों के लिए यह एक बड़ी बात है, क्योंकि वे अक्सर बच्चों के ध्यान भटकने और टेस्ट में कम नंबर आने से चिंतित रहते हैं।
अध्ययन में 4,600 स्कूलों का विश्लेषण
शोधकर्ताओं ने 4,600 स्कूलों का विश्लेषण किया और पाया कि जिन स्कूलों में फोन पर पाबंदी थी, वहां पढ़ाई का स्तर लगातार बेहतर होता गया, उन स्कूलों के मुकाबले जहां ऐसा नहीं था।
साल 2024-25 तक, करीब 77 प्रतिशत सरकारी स्कूलों में क्लास के दौरान फोन पर किसी न किसी तरह की रोक लगा दी गई थी।
फिलहाल, 41 राज्यों में या तो पूरे स्कूल के वक्त के लिए या सिर्फ क्लास के समय के लिए फोन पर बैन है।
भले ही ये नतीजे उम्मीद जगाने वाले हों, लेकिन विशेषज्ञ कहते हैं कि यह कोई जादुई समाधान नहीं है। हालांकि, 2013 के बाद से पढ़ाई में जो कमी आई है, उसे कुछ हद तक पूरा करने में इसका असर देखा जा रहा है।