Loading...
राहुल गांधी ने भारत को भू-राजनीति में 'साइड प्लेयर' कहा, पाकिस्तान से बातचीत पर बताई शर्त
राहुल गांधी ने कहा कि भारत भू-राजनीति में साइड प्लेयर बन रहा है

राहुल गांधी ने भारत को भू-राजनीति में 'साइड प्लेयर' कहा, पाकिस्तान से बातचीत पर बताई शर्त

लेखन आबिद खान
Nov 20, 2026
11:07 am

क्या है खबर?

विपक्ष के नेता राहुल गांधी फिलहाल अमेरिका दौरे पर हैं। वहां उन्होंने फिर भारत को लेकर ऐसा बयान दे दिया है, जिसने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। राहुल ने कहा कि वैश्विक भू-राजनीति में भारत अब केवल एक साइड प्लेयर बनकर रह गया है। शिकागो विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय चर्चाओं को स्वतंत्र रूप से दिशा देने की अपनी क्षमता खो दी है।

बयान

राहुल बोले- भारत को भू-राजनीति की हमेशा से अच्छी समझ रही

राहुल ने कहा कि भारत ने पारंपरिक रूप से अंतरराष्ट्रीय रिश्तों के लिए एक स्वतंत्र नजरिया बनाए रखा है, जिसमें रणनीतिक साझेदारी को वैश्विक विकास की समझ के साथ जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा, "भारत को हमेशा भू-राजनीति की बहुत अच्छी समझ रही है। हमारी साझेदारी थी, रिश्ते थे, अपनी सोच थी। लेकिन सच कहूं तो भारत अब एक साइड प्लेयर बन गया है, जबकि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के साथ बातचीत करने में व्यस्त है।"

दोस्ती

भू-राजनीति दोस्ती के दम पर काम नहीं करती- राहुल

राहुल ने सवाल उठाया कि क्या दुनिया के नेताओं के बीच निजी रिश्ते भारत की विदेश नीति का आधार बन सकते हैं।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते रहते हैं कि वह मेरा दोस्त है। लेकिन दोस्ती कोई मुद्दा नहीं है और भू-राजनीति इस तरह से काम नहीं कर सकती। दोस्ती की किसे परवाह है? क्या आपको सच में लगता है कि भू-राजनीति इसलिए काम करेगी क्योंकि वह आदमी आपका दोस्त है?"

ADVERTISEMENT

पाकिस्तान

राहुल ने कहा- आतंकवाद बंद होने तक पाकिस्तान से बातचीत नहीं

राहुल से पूछा गया कि क्या भारत और पाकिस्तान आपसी मतभेद भुलाकर मिलकर काम कर सकते हैं?

इस पर राहुल ने कहा, "इसकी गुंजाइश है, लेकिन एक बड़ी समस्या है। वह है कि पाकिस्तान का हमारे देश में आतंकवाद को समर्थन और बढ़ावा देना। हमारे निर्दोष लोगों की हत्या होती रहे और हम पाकिस्तान के साथ बात करें, यह असंभव है। जब यह रुक जाएगा, तभी बातचीत की कोई संभावना बन सकती है।"

ADVERTISEMENT

भाजपा

भाजपा बोली- पाकिस्तान के फैन बॉय हैं राहुल

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल को 'पाकिस्तान का फैन बॉय' करार दिया।

उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी को पाकिस्तान से इतना लगाव क्यों है। हर वैश्विक मंच पर राहुल 'पाकिस्तान फैन बॉय' जैसा बर्ताव करते हैं। पाकिस्तान के प्रति उनके प्रेम ने उन्हें यह भुला दिया है कि भारत ने शांति प्रयासों के जरिए रूस और यूक्रेन दोनों से मान्यता हासिल की है। ईरान ने भी होर्मुज में भारतीय जहाजों के लिए पाबंदियां हटाई हैं।'

ADVERTISEMENT