कनाडा के अल्बर्टा सैन्य अड्डे में अभ्यास के दौरान लगी भीषण आग, 4 जवानों की जलकर मौत
कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में एडमोंटन के दक्षिण-पूर्व में कनाडाई सैन्य अड्डे वेनराइट में एक प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान आग लग गई, जो तेजी से फैली। हादसे में 4 जवानों की जलकर मौत हुई है।
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने बताया कि हादसे में 39 लोग घायल हुए हैं, जिसमें 19 की हालत गंभीर हैं। सभी अस्पताल में भर्ती हैं।
बताया जा रहा है कि हवा की दिशा बदलने से आग तेज़ी से फैल गई। दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी हुई, क्योंकि यह 'स्थायी खतरे वाले क्षेत्र' में लगी थी।
मृतकों में शॉन फैरेल, एडन गोल्डिंग, हेडन लाइकेमार्क और सार्जेंट मॉर्गन वोंग शामिल हैं, जिनकी उम्र 19 से 26 साल के बीच है।
घास में लगी थी आग, जिसने भयावह रूप लिया
कैनेडियन डिवीजन के मेजर-जनरल वेड रटलैंड ने कहा है कि आग सबसे पहले घास में लगी थी, लेकिन तेज हवा के तूफान ने आग की लपटों को वेनराइट में अभ्यास कर रहे सैनिकों की ओर बढ़ा दिया।
अधिकारियों ने पुष्टि की कि तेजी से आगे बढ़ रहे कोल्ड फ्रंट की वजह से प्रांत के ज़्यादातर हिस्से में 90 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली थी।
बता दें कि वैनराइट कनाडा के सबसे बड़े सैन्य अड्डों में से एक है और यहां अक्सर NATO के सैन्य अभ्यास होते रहते हैं।