क्या रिजवान-इमाम को खराब बर्ताव के कारण टीम से किया गया बाहर? PCB ने बैठाई जांच
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम में किए गए 7 बड़े बदलावों के पीछे एक नया और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक को खराब फॉर्म के कारण नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम में उनके अमर्यादित व्यवहार के चलते वापस घर भेज दिया गया है। रिजवान 2 टेस्ट की पारियों में केवल 61 रन ही बना सके थे। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
जांच
वरिष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ जांच कमेटी का गठन
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने केवल खिलाड़ियों को बाहर ही नहीं किया है, बल्कि उनके आचरण की जांच के लिए एक कमेटी का भी गठन किया है।
रिजवान, इमाम और पहले टेस्ट में कप्तानी करने वाले आघा सलमान को भी इस कमेटी के सामने पेश होना होगा।
इन तीनों खिलाड़ियों से वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरों के दौरान ड्रेसिंग रूम और मैदान के बाहर उनके बर्ताव को लेकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इस मामले में और भी सख्त कार्रवाई हो सकती है।
नोटिस
चयन और सलाहकार समिति के सदस्यों को भी जारी किए नोटिस
PCB ने चयन समिति और सलाहकार समिति के सदस्यों को नोटिस जारी कर इंग्लैंड दौरे के लिए इमाम और रिजवान को टीम में शामिल करने के उनके फैसले पर स्पष्टीकरण मांगा है।
इस दौरे के बाद एक नई चयन समिति की घोषणा की जा सकती है।
इसी बीच, अंतरिम रेड-बॉल हेड कोच माइक हेसन ने शेष खिलाड़ियों को वापस भेजने की सिफारिश की ताकि वह उन खिलाड़ियों को आजमा सकें जिनके साथ उन्होंने सीमित ओवर शिवर में काम किया था।
संभावना
हेसन को बनाया जा सकता है स्थायी मुख्य कोच
PCB हेसन को स्थायी मुख्य कोच नियुक्त करने पर विचार कर रहा है, लेकिन इसके लिए पहले हेसन की स्वीकृति ली जाएगी।
अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली अगली घरेलू सीरीज से पहले किसी अन्य उम्मीदवार की तलाश करेंगे।
पूर्व मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी इंग्लैंड दौरे पर ही हटाया गया है। हालांकि, दोनों को बोर्ड के भीतर अन्य भूमिकाओं दिए जाने की संभावना है।