LOADING...
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर फिर हुई गोलीबारी, बोले- मैं ठीक हूं
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप पर फिर गोलीबारी

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर फिर हुई गोलीबारी, बोले- मैं ठीक हूं

लेखन गजेंद्र
संपादन Manoj Panchal
Sep 16, 2024
08:37 am

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप पर एक बार फिर गोलीबारी की घटना हुई है। हालांकि, वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। गोलीबारी उस समय हुई जब पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप फ्लोरिडा में वेस्ट पाम बीच स्थित ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ क्लब में गोल्फ खेल रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने गोलीबारी करने वाले 58 वर्षीय व्यक्ति को पकड़ लिया है। उसके पास से AK-47 बरामद हुई है। बता दें कि 2 महीने पहले भी ट्रंप पर गोलीबारी हुई थी।

घटना

ट्रंप के बेटे ने दी जानकारी

ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने एक्स पर घटना की जानकारी देते हुए लिखा, 'फिर से दोस्तों! फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में ट्रंप गोल्फ कोर्स में गोलीबारी हुई। झाड़ियों में एक AK-47 मिली। एक संदिग्ध गिरफ्तार है। ट्रंप सुरक्षित हैं।' घटना के बाद गोल्फ कोर्स को बंद कर दिया गया है। ट्रंप ने अपने समर्थकों को ईमेल भेजकर कहा, "मेरे आसपास गोलीबारी हुई है। अफवाहें फैलने से पहले बताना चाहता हूं कि मैं सुरक्षित और स्वस्थ हूं!"

गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

गोलीबारी करने के बाद आरोपी को झाडियों के पीछे देखा गया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसका पीछा किया और 4 राउंड गोलीबारी की। इसके बाद बंदूकधारी अपनी राइफल, 2 बैग और अन्य सामान छोड़कर एक काली निसान कार में भाग गया। पुलिस ने बताया कि एक गवाह ने बंदूकधारी को देखा और भागने से पहले उसकी कार और लाइसेंस प्लेट की तस्वीरें लेने में कामयाब रहा। बाद में आरोपी को गोल्फ कोर्स से 65 किलोमीटर दूर उसे पकड़ लिया गया।

Advertisement

बयान 

बाइडन ने की जांच की घोषणा

घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। व्हाइट हाउस ने कहा कि उन्हें यह जानकर राहत मिली कि ट्रंप सुरक्षित हैं। हैरिस ने एक्स पर कहा, 'अमेरिका में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।' बिडेन ने अपनी टीम को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि सीक्रेट सर्विस के पास ट्रंप की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संसाधन हों। उन्होंने घटना की जांच की घोषणा की है।

Advertisement

पुराना मामला

इससे पहले भी ट्रंप पर हुई थी गोलीबारी

इससे पहले 13 जुलाई को पेनसिल्वेनिया में ट्रंप की चुनावी रैली के दौरान उनपर गोलीबारी की गई थी। इस गोलीबारी में रैली में बैठे एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी। रैली के दौरान थॉमस मैथ्यू क्रुक्स नामक युवक ने उनपर गोलियां चलाई थी जिसमें से एक गोली ट्रंप के कान को छूती हुई गई थी। इसके बाद सीक्रेट सर्विस के स्नाइपर्स ने क्रुक्स को मार गिराया। बता दें, अमेरिका में इस साल 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव होने हैं।

Advertisement