ट्रंप ने क्यूबा पर कब्जा के संकेत दिए, मोजतबा को लेकर कहा- शायद वह जीवित नहीं
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि वह जल्द ही क्यूबा पर कब्जा करने की तैयारी करेंगे। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में कहा कि वाशिंगटन के तेल प्रतिबंध के कारण कम्युनिस्ट द्वीप में पूर्ण बिजली कटौती के चलते अंधेरा छा गया था। इस दौरान उन्होंने ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध के विषय पर भी जानकारी दी। उन्होंने नवनियुक्त सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को लेकर कहा कि वह शायद जीवित नहीं है।
बयान
क्यूबा को लेकर क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "आप जानते हैं, मैंने अपनी पूरी जिंदगी अमेरिका और क्यूबा के बारे में सुना है। अमेरिका ऐसा कब करेगा? मुझे पूरा विश्वास है कि मुझे क्यूबा पर कब्जा करने का सम्मान मिलेगा। चाहे मैं इसे मुक्त कर दूं, इसे ले लूं - यह सोचकर कि मैं इसके साथ जो चाहूं कर सकता हूं। वे इस समय बहुत कमजोर राष्ट्र हैं।" ट्रंप ने पुष्टि की कि क्यूबा अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है।
संकट
गंभीर बिजली संकट से जूझ रहा है द्वीप
जनवरी में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार करने के बाद से अमेरिका ने अपने विरोधी क्यूबा को तेल की आपूर्ति पर रोक लगा दी। क्यूबा में 90 लाख लोग गंभीर ऊर्जा संकट से जूझ रहे हैं। ऊर्जा और खान मंत्रालय के अनुसार, सोमवार को देश के विद्युत ग्रिड की पूर्ण विफलता के बाद पूरे द्वीप में बिजली नहीं थी। क्यूबा की राष्ट्रीय विद्युत संघ ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रिड के पूरी तरह बंद होने से बिजली गुल है।
ईरान
ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने ईरान युद्ध के बीच मोजतबा के जीवित होने पर शंका जाहिर की और कहा कि किसी ने उनका चेहरा नहीं देखा है। ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "कोई यह नहीं कह रहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। किसी ने उन्हें देखा नहीं है, जो कि असामान्य बात है। लोग कह रहे हैं कि उनका चेहरा बिगड़ गया है, उन्होंने पैर खो दिया है। कुछ लोग तो यह भी कह रहे हैं कि उनकी मौत हो गई है।"
अटकलें
अभी तक सामने नहीं आए मोजतबा
अयातुल्लाह अली खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायली हमले में मौत हुई थी। इसके बाद रमजान के 19वें दिन उनके बेटे मोजतबा की नए सर्वोच्च नेता के रूप में घोषणा की गई थी। इसके बाद से अभी तक उनकी सार्वजनिक तस्वीर और भाषण सामने नहीं आया है। हालांकि, उन्होंने एक टीवी पर ऑडियो भाषण जारी किया था। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने भी उनके घायल होने के संकेत दिए थे। कुछ ने बताया कि वह कोमा में हैं।