अमेरिका के बड़े अधिकारी का इस्तीफा, कहा- इजरायली दबाव में शुरू किया ईरान युद्ध
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी केंद्र (NCTC) के प्रमुख जो केंट ने ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल युद्ध को लेकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अपने इस्तीफे में केंट ने कहा कि ईरान से अमेरिका को कोई तत्काल खतरा नहीं था और इजराइल के दबाव के कारण ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को युद्ध शुरू करना पड़ा। ऐसे में वह इस युद्ध का समर्थन नहीं कर सकते हैं। उनके इस्तीफे से हलचल पैदा हो गई है।
बयान
केंट ने इस्तीफे को लेकर क्या कहा?
केंट ने एक्स पर अपने इस्तीफे के साथ लिखा, 'बहुत सोच-विचार के बाद आज मैंने राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी केंद्र के निदेशक पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। ईरान के खिलाफ वर्तमान में जारी युद्ध का मैं ईमानदारी से समर्थन नहीं कर सकता हूं।' उन्होंने आगे लिखा, 'ईरान से हमारे देश को कोई तत्काल खतरा नहीं था और यह स्पष्ट है कि हमने यह युद्ध इजरायल और उसके शक्तिशाली अमेरिकी समर्थकों के दबाव में शुरू किया था।'
अभियान
गलत सूचना अभियान का परिणाम है युद्ध- केंट
केंट ने आगे लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने जून, 2025 तक यह स्वीकार किया था कि मध्य पूर्व में युद्धों से अमेरिकी नागरिकों की जान और संसाधनों का नुकसान होता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वरिष्ठ इजरायली अधिकारियों और अमेरिकी मीडिया के प्रभावशाली व्यक्तियों ने एक गलत सूचना अभियान के माध्यम से युद्ध समर्थक बयानबाजी को बढ़ावा दिया, जिसका उद्देश्य अमेरिका को ईरान के साथ संघर्ष की ओर धकेलना मात्र था।
अभार
केंट ने अपने पद और कार्य को बताया सम्मान की बात
उन्होंने आगे लिखा, 'राष्ट्रपति, DNIG अब्बार्ड के मार्गदर्शन में सेवा करना और NCTC के पेशेवरों का नेतृत्व करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। ईश्वर अमेरिका को आशीर्वाद दे।' केंट का जाना ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे सैन्य संघर्षों के बीच मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है। उनका इस्तीफा संघर्ष के तेज होने के बाद अमेरिकी प्रशासन की ओर से उठाया गया सबसे चर्चित कदम है।
जिम्मेदार
देश के लिए आतंकवादी खतरों का विश्लेषण करने लिए जिम्मेदार थे केंट
NCTC के निदेशक के रूप में केंट ने एक प्रमुख अमेरिकी खुफिया निकाय का नेतृत्व किया जो देश के लिए आतंकवादी खतरों का विश्लेषण और पहचान करने के लिए जिम्मेदार था। यह एजेंसी खुफिया समुदाय, पेंटागन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों सहित कई अमेरिकी सरकारी विभागों में आतंकवाद विरोधी खुफिया जानकारी के समन्वय में केंद्रीय भूमिका निभाती है। उनके कार्यकाल में उन्होंने कई खुफिया जानकारी प्रशासन को देकर महत्वपूर्ण कदम उठाए थे।
परिचय
कौन हैं जो केंट?
पिछले साल जुलाई में केंट को इस पद पर नियुक्त किया गया था। दक्षिणपंथी चरमपंथी गुटों से संबंधों के आरोपों के कारण उनकी नियुक्ति पर कुछ सांसदों ने सवाल उठाए थे। ट्रंप प्रशासन में शामिल होने से पहले केंट ने वाशिंगटन राज्य में कांग्रेस के लिए 2 बार चुनाव भी लड़ा था। केंट अमेरिकी स्पेशल फोर्स और CIA के पूर्व अधिकारी भी रहे हैं। उन्होंने 2019 में सीरिया में एक आत्मघाती हमले में अपनी पत्नी को खो दिया था।
प्रतिक्रिया
ट्रंप ने केंट के इस्तीफे पर क्या दी प्रतिक्रिया
केंट के इस्तीफे के कुछ समय बाद ट्रंप ने ओवल ऑफिस में एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, "मैंने उनका (केंट) बयान पढ़ा है। मैं हमेशा से उन्हें एक अच्छा व्यक्ति मानता था, लेकिन सुरक्षा के मामले में वे हमेशा कमजोर रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "जब मैंने उनका बयान पढ़ा, तो मुझे एहसास हुआ कि उनका पद छोड़ना अच्छी बात है क्योंकि उन्होंने कहा था कि ईरान कोई खतरा नहीं है। ईरान हर देश के लिए खतरा था।"